अपने बॉलिंग एक्शन और सेलिब्रेशन के साथ-साथ बिहू डांस के लिए मशहूर राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज रियान पराग आईपीएल 2021 में अपनी बल्लेबाजी से कुछ खास नहीं कर सके हैं। रियाग का बल्ला बेशक इस साल न चला हो, लेकिन वे मैदान के अंदर और बाहर फैन्स का मनोरंजन करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। उन्होंने हाल ही में अपने साथी खिलाड़ी श्रेयस गोपाल के साथ एक गेम खेला, जहां उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की जमकर नकल उतारी। इस वीडियो को शेयर करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने अपने फैन्स से पूछा है कि उन्हें यह वीडियो कैसा लगा।

इसमें दोनों खिलाड़ी एक ऐसा खेल रहे हैं, जिसमें एक खिलाड़ी को दूसरे खिलाड़ी द्वारा कागज पर लिखे शब्द को बिना बोले बुलवाना है। इसमें खिलाड़ियों के पास इशारा करने का ऑप्शन होता है। इसमें जब रियान की बारी आती है तो वे अपने सिर पर कागज रखकर श्रेयस को दिखाते हैं, जिसमें वीरेंद्र सहवाग लिखा होता है। हालांकि श्रेयस पहली बार में ही सहवाग का नाम नहीं बता पाते हैं। वे सहवाग का नाम लेने से पहले जोस बटलर, महेंद्र सिंह धोनी, लियाम लिविंगस्टोन और विवियन रिचर्ड्स का नाम लेते हैं। बाद में श्रेयस द्वारा सहवाग का नाम लेने पर दोनों खिलाड़ी हंसने लग जाते हैं।

आईपीएल 2021 के लेटेस्ट प्वॉइंट टेबल में राजस्थान की स्थिति की बात करें तो टीम 6 मैचों में से 2 में जीत दर्ज करके सातवें नंबर पर मौजूद है। उनके नीचे बस एक टीम ही है और वह है डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सनराइजर्स हैदराबाद। इस लिस्ट में 6 में से पांच मैचों में जीत दर्ज करके महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स सबसे ऊपर है। सीएसके के बाद दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस का नंबर आता है, जिनके क्रमश: 10, 10 और 6 प्वॉइंट्स हैं।


Tags: