ग्लासगो: रविवार को यहां कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय जूडो खिलाड़ी इशरूप नारंग ने स्कॉटलैंड की निकोल वुड के खिलाफ 'गोल्डन स्कोर' पीरियड में 'यूको' से जीत हासिल कर महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

रेगुलर समय खत्म होने तक मुकाबला बराबरी पर था और दोनों जूडो खिलाड़ियों को एक-एक 'शिडो' (पेनल्टी) मिला था।
पंजाब की 19 वर्षीय इशरूप ने आखिरकार 'गोल्डन स्कोर' के एक मिनट 40 सेकंड बाद बराबरी तोड़ी और निर्णायक 'यूको' स्कोर करके पांच मिनट 40 सेकंड में मुकाबला अपने नाम किया।
क्वार्टर फाइनल में भारतीय खिलाड़ी का सामना इंग्लैंड की एम्मा रीड से होगा।
अवतार और घांघस बाहर
हालांकि, पुरुषों के 100 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में अवतार सिंह को साइप्रस के एरिस्टोस माइकल से 'इप्पोन' से हार का सामना करना पड़ा।
यश घांघस भी पुरुषों के +100 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में वेल्स के जोशुआ व्हाइटहाउस से 0-1 से हारकर बाहर हो गए।
व्हाइटहाउस ने मुकाबले के बीच में निर्णायक 'यूको' हासिल किया और अपनी बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला जीत लिया।
चार मिनट के मुकाबले के दौरान दो 'शिडो' पेनल्टी पाने वाले घांघस वापसी नहीं कर सके और शुरुआती दौर में ही उनका सफर खत्म हो गया।
स्कोरिंग के बारे में जानकारी
'यूको' तब दिया जाता है जब कोई खिलाड़ी प्रतिद्वंद्वी को इस तरह फेंकता है कि वह अपनी करवट या करवट के पास गिरता है, या फिर पांच से नौ सेकंड तक 'होल्ड-डाउन' (पकड़ बनाए रखना) करता है।
'इप्पोन' सबसे बड़ा स्कोर है और इसका मतलब है पूरा पॉइंट, जिससे मैच तुरंत खत्म हो जाता है। जूडो खिलाड़ी साफ-सुथरे थ्रो, लंबे समय तक 'होल्ड-डाउन' या 'सबमिशन' (प्रतिद्वंद्वी को हार मानने पर मजबूर करना) के जरिए 'इप्पोन' स्कोर कर सकता है।
Tags: