संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल 2022 का 44वां मुकाबला मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में मुंबई इंडियंस को जीत मिली। मुंबई की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया। आईपीएल के 15वें सीजन में लगातार 8 मैच हारने के बाद मुंबई इंडियंस को ये जीत मिली है।

बर्थडे ब्वॉय रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जोस बटलर के अर्धशतक के दम पर 158 रन बनाए। 159 रनों के लक्ष्य को मुंबई ने 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ईशान किशन ने 26 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्धशतक जड़ा। सूर्यकुमार यादव 51 रन बनाकर आउट हुए। दो गेंद बाद तिलक वर्मा 35 रन बनाकर चलते बने। किरोन पोलार्ड 10 रन बनाकर आउट हुए। टिम डेविड 20 और सैम्स 6 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पडिक्कल (15) और सैमसन (16) रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद बटलर ने मिशेल (17) के साथ पारी को संभाला मगर दोनों बल्लेबाज रन बनाने से जूझ रहे थे। बटलर ने 48 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, मगर ऋतिक के ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर उन्होंने अपना स्ट्राइक रेट बढ़ाया। बटलर ने 52 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली। अंत में अश्विन ने 9 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन की तूफानी पारी खेल टीम को 150 के पार पहुंचाया। मुंबई के लिए ऋतिक और मैरेडिथ ने 2-2 विकेट लिए।
Tags: