दोहा: एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के 8वें मैच में भारत-ए को पाकिस्तान-ए के खिलाफ रविवार को 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान से मिले 314 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की पूरी टीम 49.1 ओवर में 265 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
भारत की ओर से कप्तान तिलक वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी खेली, लेकिन उन्हें अंत के ओवरों में दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका। शाहबाज अहमद (56 रन) के आउट होने के बाद मुकाबला भारत की पकड़ से फिसल गया। मैच के बाद तिलक ने कहा कि अगर शाहबाज दो ओवर और टिके रहते, तो वह मैच को खत्म कर सकते थे।
तिलक ने कहा, "अभिषेक ने जिस तरह से शुरुआत की और बीच में शाहबाज ने जिस अंदाज में मेरा साथ दिया, वह बहुत अहम था। हालांकि, बदकिस्मती से जब हम रन-रेट बढ़ाना चाहते थे, तब शाहबाज आउट हो गए। अगर वह दो ओवर और टिक जाते, तो शायद मैं मैच खत्म कर सकता था। पिच पर शुरुआती दस ओवरों में गेंद थोड़ी स्विंग हो रही थी। इसका श्रेय उन दो तेज गेंदबाजों को जाता है जिन्होंने बहुत अच्छी लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की। मगर साथ ही बीच में हमने लगातार विकेट भी गंवा दिए। वरना हम 47वें या 48वें ओवर में ही मैच जीत सकते थे।"
अपनी बल्लेबाजी में अधिक जिम्मेदारी और मैच को अंत तक लेकर जाने की काबिलियत पर बात करते हुए तिलक ने कहा, "ऐसा नहीं कहूंगा। मेरे लिए सबसे बेहतरीन वही है जिसमें टीम जीते। अगर हम मैच नहीं जीतते, तो उसे मैं सबसे बेहतरीन नहीं मानूंगा। मगर मेरी हमेशा यही कोशिश रहती है कि मैच को जितना हो सके अंत तक ले जाऊं। इस मुकाबले में भी मैं यही कर रहा था। अगर कोई और बल्लेबाज मेरा साथ देता, तो मैं मैच खत्म कर सकता था। हालांकि, यह मेरा काम है, अगर आप टीम के कप्तान हैं, तो आपको वह बोझ और जिम्मेदारी उठानी चाहिए। सच कहूं तो, मुझे ऐसा करना पसंद है। अंत में, भगवान की कृपा रही और मुझे इतने रन बनाने का मौका मिला।"