IND A vs PAK A: भारत ए और पाकिस्तान ए के बीच खेले जा रहे मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.2 ओवर में 313 रन बनाए। भारतीय टीम को जीत के लिए 314 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य मिला है। पाकिस्तान की ओर से हसन नवाज ने शानदार 79 रनों की पारी खेली, जबकि फरहान यूसुफ ने अर्धशतक लगाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत संभली हुई रही, लेकिन चौथे ओवर में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के आउट होने से भारत को पहला झटका लगा। सूर्यवंशी 13 गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाकर मोहम्मद इमरान रंधावा का शिकार बने। उनका कैच अब्दुल समद ने मिडऑफ पर पकड़ा।सूर्यवंशी के आउट होने के बाद मैदान पर भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच कुछ कहासुनी भी देखने को मिली। इससे मुकाबले का रोमांच और बढ़ गया।
पाकिस्तान ने बनाए 313 रन
पाकिस्तान ए की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। शुरुआती आठ ओवरों में टीम ने 66 रन जोड़ दिए। इसके बाद हसन नवाज ने मध्यक्रम में जिम्मेदारी संभालते हुए 79 रन बनाए। फरहान यूसुफ ने भी शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।कप्तान अब्दुल समद ने 28 रन और मोहम्मद इमरान रंधावा ने 23 रन का योगदान दिया। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने अंतिम 10 ओवरों में वापसी करते हुए पाकिस्तान को 313 रनों पर समेट दिया।पाकिस्तान की पारी का आखिरी विकेट प्रिंस यादव ने लिया। उन्होंने 50वें ओवर की दूसरी गेंद पर अली रजा को बोल्ड कर दिया। अली रजा दो रन बनाकर आउट हुए।
वैभव सूर्यवंशी ने लगाए दो चौके
भारत की ओर से वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा ने पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ एक रन दिया।दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा ने मोहम्मद इमरान रंधावा की गेंद पर पॉइंट के ऊपर से शानदार छक्का लगाया। तीसरे ओवर में सूर्यवंशी ने अली रजा की गेंद पर कवर क्षेत्र में बेहतरीन चौका लगाया।चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर सूर्यवंशी ने रंधावा की फुल लेंथ गेंद को मिडऑफ के ऊपर से चौके के लिए भेजा। हालांकि, अगली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए।
विकेट के बाद खिलाड़ियों में कहासुनी
वैभव सूर्यवंशी के आउट होने के बाद पाकिस्तान के कुछ खिलाड़ियों और भारतीय बल्लेबाज के बीच जुबानी नोकझोंक देखने को मिली। रंधावा की बाहर जाती गेंद पर सूर्यवंशी ने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के बाहरी हिस्से से लगकर हवा में चली गई।
मिडऑफ पर मौजूद अब्दुल समद ने कैच पकड़कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। सूर्यवंशी के आउट होने के बाद आयुष बदोनी बल्लेबाजी करने मैदान पर आए।पाकिस्तान के बल्लेबाज हसन नवाज ने पारी समाप्त होने के बाद कहा कि उनकी टीम 350 रन बनाने की स्थिति में थी, लेकिन 315 के आसपास का स्कोर भी चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने पिच पर गेंद के रुककर आने की बात कही और अपने गेंदबाजों पर भरोसा जताया।
Tags: