England Cricket Team :इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने दो अहम सीरीज़ के लिए अपनी टीमों की घोषणा कर दी है और एक ऐतिहासिक फैसला भी लिया है। इंग्लैंड ने आगामी सीरीज़ के लिए इस 21 वर्षीय युवा खिलाड़ी को टीम का नया कप्तान घोषित किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज़ और आयरलैंड दौरे के लिए टीमों की घोषणा में सबसे ज़्यादा चर्चा इसी 21 वर्षीय खिलाड़ी को कप्तान बनाए जाने को लेकर है। यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि जैकब बेथेल हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरी ताकत वाली टीम
इंग्लैंड की टीम सितंबर की शुरुआत में अपने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। दोनों देशों के बीच 2 से 15 सितंबर तक 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेले जाएँगे। इंग्लैंड ने इस सीरीज़ के लिए अपनी पूरी ताकत वाली टीम उतारी है, जिसकी कमान हैरी ब्रुक संभालेंगे। टीम में जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, जो रूट और बेन डकेट जैसे बड़े नाम शामिल किए गए हैं।
आयरलैंड दौरे के लिए चौंकाने वाला फैसला
इसी महीने इंग्लैंड आयरलैंड का भी दौरा करेगा, जहाँ दोनों के बीच 3 टी20 मैच खेले जाएँगे। इस सीरीज़ के लिए इंग्लैंड ने अपने सभी प्रारूपों के खिलाड़ियों को आराम देने का फैसला किया है। ऐसे में 21 वर्षीय जैकब बेथेल को कप्तान बनाने का बड़ा फैसला लिया गया। यह उनके करियर का पहला मौका होगा जब वह किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड टीम की कप्तानी करेंगे।
डबलिन में टीम की कमान संभालते ही बेथेल इंग्लैंड के पुरुष क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय कप्तान बन जाएँगे। इस फैसले ने क्रिकेट जगत को तो चौंकाया ही है, साथ ही इसने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाने की इंग्लैंड की रणनीति को भी स्पष्ट कर दिया है।
ईसीबी और चयनकर्ताओं की राय
इस फैसले पर अपनी राय देते हुए, इंग्लैंड टीम के चयनकर्ता ल्यूक राइट ने कहा, "जैकब बेथेल ने अब तक अपने शानदार नेतृत्व कौशल से सभी को प्रभावित किया है। आयरलैंड सीरीज़ उनके लिए खुद को साबित करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कौशल को और निखारने का एक शानदार मौका होगा।"
मार्कस ट्रेस्कोथिक इस दौरे के लिए कोचिंग की ज़िम्मेदारी संभालेंगे।
इंग्लैंड की टीमें
एकदिवसीय टीम (दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध)
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, जो रूट, जेमी स्मिथ।
टी20 टीम (दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध)
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, लियाम डॉसन, बेन डकेट, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, आदिल राशिद, फिल सॉल्ट, जेमी स्मिथ, ल्यूक वुड।
आयरलैंड सीरीज़ टी20 टीम
जैकब बेथेल (कप्तान), रेहान अहमद, सनी बेकर, टॉम बैंटन, जोस बटलर, लियाम डॉसन, टॉम हार्टले, विल जैक्स, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, मैथ्यू पॉट्स, आदिल राशिद, फिल साल्ट, ल्यूक वुड।