Asia Junior Individual Championships : बैडमिंटन एशिया जूनियर व्यक्तिगत चैंपियनशिप 2025 में भारत ने शानदार शुरुआत की है। महिला एकल वर्ग में वेन्नाला कलागोटला और तन्वी शर्मा ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर भारतीय अभियान को मज़बूत बढ़त दिलाई। वेन्नाला कलागोटला ने अलीसा कुलेशोवा को मात्र 15 मिनट में 21-6, 21-10 से हराया। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशिया की ऑबेर्टा जार्लिना को 21-18, 21-16 से हराकर गुरुवार को होने वाले राउंड ऑफ़ 32 में जगह बनाई।
तन्वी शर्मा ने यूएई की वैदेही को आसानी से हराया
वहीं, दूसरी वरीयता प्राप्त तन्वी शर्मा ने यूएई की वैदेही कालिदासन को आसानी से 21-6, 21-6 से हराया, जबकि तन्वी रेड्डी ने चिओक इयान उंग को 21-9, 21-10 से हराया। पुरुष एकल में प्रणव राम नागलिंगम ने म्यांमार के लाल जुइदिका को 21-15, 21-7 से हराया। अंश नेगी ने डिंग हान जिन को 21-16, 21-15 से हराया। हमार लालथजुआला और रौनक चौहान ने सीधे गेम में जीत हासिल की। युगल वर्ग में कालागोटला-रेसिका उथयासूरियन ने वियतनाम की गुयेन वु नगोक ट्रान-फाम थी ट्रुक एन को 21-16, 21-14 से हराया, जबकि गायत्री-मनसा रावत ने एंड्रिया हर्नांडेज़-मैरी उनटल को 21-17, 21-18 से हराया। मिश्रित युगल में विष्णु कोडे-कीर्ति मनचला ने 22-20, 16-21, 21-19 से जीत दर्ज की। इस बीच, रुजुला रामू और सी लालरामसंगा-तारिणी सूरी जूनियर शटलरों के शीर्ष टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गए।
Tags: