एशियन पैरा गेम्स में अशोक ने जीता रजत, पावरलिफ्टिंग में उठाया 192 किग्रा वजन
पुरुषों की 65 किग्रा स्पर्धा में अशोक को रजत
नागोया: मंगलवार को यहाँ एशियाई पैरा खेलों में, भारत के अशोक ने पुरुषों की 65 किलोग्राम पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीता।
37 वर्षीय अशोक ने 192 किलोग्राम का सर्वश्रेष्ठ भार उठाया। वे चीन के मौजूदा पैरालंपिक चैंपियन ज़ू यी से पीछे रहे, जिन्होंने 216 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता। इंडोनेशिया के मार्गोनो ने 177 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक हासिल किया।
अशोक ने 187 किलोग्राम का भार सफलतापूर्वक उठाकर शुरुआत की और अपने दूसरे प्रयास में 192 किलोग्राम भार उठाया। वे अपने अंतिम प्रयास में 201 किलोग्राम भार उठाने में असफल रहे।
पैरा पावरलिफ्टिंग एक बेंच प्रेस प्रतियोगिता है, जिसमें शरीर के ऊपरी हिस्से की ताकत की परीक्षा ली जाती है। इसमें केवल एक ही स्पर्धा होती है, लेकिन एथलीट अलग-अलग भार श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करते हैं।
पावरलिफ्टिंग में हिस्सा लेने वाले एथलीटों के कूल्हों या पैरों में कोई शारीरिक अक्षमता होती है।
सोनीपत जिले के गोहाना के रहने वाले अशोक को बचपन में पोलियो हो गया था।