नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर जल्द बड़ा फैसला हो सकता है। श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम की जीत के बाद अगरकर के पक्ष में माहौल बनता दिखाई दे रहा है। उनका मौजूदा कार्यकाल सितंबर 2026 में पूरा हो रहा है और बीसीसीआई के नियमों के तहत उन्हें एक साल का और विस्तार दिया जा सकता है।
पिछले कुछ समय से चर्चा थी कि बीसीसीआई अगरकर की जगह किसी नए चेहरे को मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी सौंप सकता है। इस सिलसिले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण का नाम भी सामने आया था। रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड के भीतर इस मुद्दे पर अलग-अलग राय है। एक पक्ष लक्ष्मण को बड़ी भूमिका देने के पक्ष में बताया जा रहा है, जबकि दूसरा पक्ष मौजूदा व्यवस्था को जारी रखना चाहता है।
अगरकर के पक्ष में सबसे महत्वपूर्ण बात भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ उनका बेहतर तालमेल माना जा रहा है। बीसीसीआई का एक वर्ग चाहता है कि 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट और चयन समिति के बीच बनी मौजूदा व्यवस्था में बड़ा बदलाव नहीं किया जाए। अगर बोर्ड इसी सोच के साथ आगे बढ़ता है तो अगरकर को एक साल का एक्सटेंशन मिल सकता है। अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता बने थे। उनके कार्यकाल में टीम इंडिया ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। भारत ने 2024 टी20 विश्व कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता। हालांकि इस दौरान कुछ चयन फैसलों और सीनियर खिलाड़ियों के भविष्य को लेकर सवाल भी उठे।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज को अगरकर के भविष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा था। सीरीज से पहले ही रिपोर्ट आई थी कि बीसीसीआई अधिकारी इसके बाद अगरकर के साथ बैठक कर उनके संभावित कार्यकाल विस्तार पर चर्चा करेंगे। अब टीम इंडिया के सीरीज जीतने से अगरकर के लिए परिस्थितियां कुछ अनुकूल मानी जा रही हैं। एक और महत्वपूर्ण संकेत यह है कि बीसीसीआई ने जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन मांगे हैं, लेकिन सीनियर चयन समिति के लिए फिलहाल आवेदन नहीं मांगे गए हैं। इसे भी अगरकर के पद पर बने रहने की संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बोर्ड ने अभी तक उनके कार्यकाल विस्तार की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
बीसीसीआई की सालाना आम बैठक 18 सितंबर को प्रस्तावित है और अगरकर के भविष्य पर वहां चर्चा होने की संभावना है। ऐसे में अंतिम फैसला आने तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं होगी, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मिली जीत के बाद उनकी चीफ सेलेक्टर की कुर्सी फिलहाल पहले से अधिक सुरक्षित नजर आ रही है।
Tags: