राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की संजू सैमसन की तस्वीर, फिर किया डिलीट

पूर्व आईपीएल चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के सोशल मीडिया हैंडल से अकसर खिलाड़ियों के फोटो और वीडियो पोस्ट होते हैं.

Update: 2022-03-25 14:31 GMT

पूर्व आईपीएल चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के सोशल मीडिया हैंडल से अकसर खिलाड़ियों के फोटो और वीडियो पोस्ट होते हैं. इसमें कई बार किसी को ट्रोल करने की कोशिश की जाती है तो कभी किसी की तारीफ. ऐसा ही एक फोटो शुक्रवार को इस अकाउंट से पोस्ट किया गया लेकिन यह भारी पड़ गया. तस्वीर टीम के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) की थी लेकिन उन्हें यह बिलकुल पसंद नहीं आया. उन्होंने लताड़ लगाई तो ट्वीट ही डिलीट कर दिया गया.

27 वर्षीय संजू सैमसन आईपीएल के आगामी सीजन में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी संभालेंगे. टीम ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में रीटेन किया था. उनकी एक तस्वीर इस टीम के सोशल मीडिया हैंडल से शुक्रवार को ट्वीट की गई. सैमसन को यह पसंद नहीं आया और उन्होंने इस अकाउंट के एडमिन को लताड़ लगा दी.
संजू की इस तस्वीर को एडिट किया गया था. इसमें उनके सिर पर अजीब सी पगड़ी बांधी गई जबकि कानों में भी कुछ अलग सी ईयरिंग्स लटके हुए थे. वह टीम बस में बैठे नजर आ रहे हैं. इस फोटो के कैप्शन में लिखा गया- क्या खूब लगते हो.
केरल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले संजू को ना तो यह तस्वीर पसंद आई और ना ही अकाउंट एडमिन की ओर से उन्हें ट्रोल करने की कोशिश. संजू इसे रिट्वीट करते हुए लिखा, 'यह सब दोस्तों के लिए ठीक लगता है लेकिन टीमों को पेशेवर होना चाहिए.' इस ट्वीट को तो डिलीट कर दिया गया लेकिन संजू के इस जवाब को ही महज 2 घंटों में 500 से ज्यादा बार रिट्वीट किया गया.
संजू सैमसन 2013 से इस प्रतिष्ठित टी20 लीग का हिस्सा हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अभी तक 121 मैच खेले हैं और कुल 3068 रन बनाए हैं. उनका ओवरऑल स्ट्राइक रेट 134 से ज्यादा का है. वह इस लीग में 3 शतक और 15 अर्धशतक जमा चुके हैं


Tags:    

Similar News