जनता से रिश्ता वेबडेस्क | हर साल 365 दिनों के बाद कैलेंडर बदला जाता है। 365 दिन ही कई लोगों के लिए काफी लंबा हो जाता है लेकिन अगर आपको 18,980 दिनों बाद अपना कैलेंडर बदलने का मौका मिले तो कैसा लगेगा? 18,980 दिन यानी 52 सौर वर्ष माया कैलेंडर (Maya Calendar) का सबसे लंबा चक्र बनाते हैं। इसी माया कैलेंडर का इस्तेमाल हजारों वर्षों से उत्तरी और मध्य अमेरिका में स्वदेशी लोग करते हैं।

पुरातत्विदों ने मेसोअमेरिकन टाइमकीपिंग और लेखन प्रणालियों से जुड़े कई स्मारकों और चित्रों की खोज की है। हालांकि अभी भी इस बात का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सका है कि माया कैलेंडर कितना पुराना है। वहीं हाल ही में शोधकर्ताओं को माया कैलेंडर के अवशेष मिले हैं, जिससे इस बात का पता चलता है कि माया सभ्यता में चिन्ह के अलावा लेखनी का काफी पहले से इस्तेमाल होता रहा है।
सात हिरण के चिन्ह वाला अवशेष मिला
साइंस एडवांस में छपे जर्नल में शोधकर्ताओं ने बताया कि उन्हें ग्वाटेमाला में माया उत्खनन स्थल सैन बार्टोलो में चूना प्लास्टर से बने दो टुकड़े मिले हैं, जिसमें से ऊपरी हिस्से पर एक '7 हिरण' का चिन्ह है। वहीं, दूसरा टुकड़ा लेखन परंपरा की ओर इशारा करता है जो शोधकर्ताओं के लिए कौतूहल का विषय है। शोधकर्ताओं का मानना है कि इसके जरिए माया सभ्यता में लेखन के विकास के बारे में पता लगाया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त 249 अन्य टुकड़े भी मिले हैं। ये टुकड़े लास पिंटुरास पिरामिड (Pinturas pyramid) परिसर के अंदर मिले हैं। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह चूना प्लास्टर जिस कैलेंडर का है उसमें 260 दिनों का एक साल होता है। '7 हिरण' कैलेंडर में एक दिन का संकेत करते हैं। रेडियो कार्बन डेटिंग के जरिए पता चलता है कि यह प्रचीन माया कैलेंडर करीब 300 ईसा पूर्व का है।
चार तरह के कैलेंडर का माया सभ्यता में होता था इस्तेमाल
इस अध्ययन के सह-लेखक डेविड स्टुअर्ट बताते हैं कि इस बात की संभावना है कि कभी यह शहर समारोहों या बाजारों के लिए एक सभा स्थल था। उन्होंने कहा, 'माया संस्कृति के लोगों के पास चार तरह के कैलेंडर होते थे। वह समय का हिसाब रखने में काफी रुचि रखते थे। समय को मापने के लिए भी उनके पास अलग-अलग तरीके थे। इन्हीं में से एक पवित्र भविष्यवाणी कैलेंडर यह भी है, जिसमें सात हिरण का संकेत बना होता है। हालांकि, यह लॉन्ग काउंट कैलेंडर नहीं है, जिसके जरिए 2012 में दुनिया खत्म होने की भविष्यवाणी की गई थी।'


Tags: