जनता से रिश्ता वेबडेस्क| हिंदू धर्म में हम सभी अलग-अलग देवी-देवताओं की पूजा करते हैं। देवी-देवताओं को अलग-अलग फूल अर्पित किए जाते हैं। चाहें कोई पूजा हो या फिर धार्मिक अनुष्ठान, भगवान को बिना फूल चढ़ाए कोई भी अनुष्ठान पूरा नहीं होता है। वैसे तो आप किसी भी भगवान को कोई भी फूल अ्रपित कर सकते हैं। लेकिन हम आपको इस लेख में बताएंगे कि किस भगवान को कौन से फूल ज्यादा प्रिय हैं। इन फूलों का वर्णन विभिन्न धर्म ग्रंथों में भी दिया गया है। अगर भगवान को उनके पसंद के फूल चढ़ाए जाए तो व्यक्ति की हर मनोकामना पूरी होती है।

जानें किस भगवान को प्रिय हैं कौन से फूल:

भगवान श्रीगणेश: आचार भूषण ग्रंथ के अनुसार, तुलसीदल के अलावा भगवान श्रीगणेश को हर तरह के फूल अर्पित किए जा सकते हैं। पद्मपुराण आचाररत्न में वर्णित है कि 'न तुलस्या गणाधिपम'... इसका अर्थ है कि गणेश जी को कभी भी तुलसी नहीं चढ़ानी चाहिए। गणेश जी को दूर्वा बेहद प्रिय है। अगर दूर्वा घास के ऊपर तीन या पांच पत्तियां हों तो ये बेहद ही उत्तम होती है।

भगवान शिव: इन्हें धतूरे के फूल, हरसिंगार, वनागकेसर के सफेद पुष्प, सूखे कमल गट्टे, कनेर, कुसुम, आक, कुश आदि बेहद प्रिय हैं। इन्हें केवड़े के फूल अर्पित नहीं किए जाते हैं।

भगवान विष्णु: श्रीहरि को कमल, मौलसिरी, जूही, कदम्ब, केवड़ा, चमेली, अशोक, मालती, वासंती, चंपा, वैजयंती के फूल बेहद प्रिय हैं। इन्हें तुलसी दल चढ़ाना भी बेहद शुभ होता है। अगर कार्तिक मास में इन पर केतकी के फूल चढ़ाए जाए तो श्री हरि बेहद प्रसन्न हो जाते हैं।

सूर्य नारायण: इनकी पूजा कुटज के फूलों से की जाती है। सूर्य नारायण को कनेर, कमल, चंपा, पलाश, आक, अशोक आदि के पुष्प भी बेहद प्रिय हैं।

भगवान श्रीकृष्ण: इन्हें कुमुद, करवरी, चणक, मालती, पलाश व वनमाला के पुष्प बेहद प्रिय हैं। इनसे श्रीकृष्ण जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं।

भगवती गौरी: इन्हें धतूरे के फूल, हरसिंगार, वनागकेसर के सफेद पुष्प, सूखे कमल गट्टे, कनेर, कुसुम, आक, कुश आदि बेहद प्रिय हैं। इसके अलावा बेला, सफेद कमल, पलाश, चंपा के फूल भी बेहद प्रिय हैं।

लक्ष्मी जी: इन्हें कमल का फूल बेहद प्रिय है। मां लक्ष्मी को पीला फूल या लाल गुलाब चढ़ाकर भी खुश किया जा सकता है।

हनुमान जी: इन्हें लाल फूल चढ़ाया जा सकता है। इन्हें लाल गुलाब और लाल गेंदा आदि अर्पित किया जाता है।

मां काली: इन्हें गुड़हल का पुष्प अर्पित किया जाता है।

मां दुर्गा: इन्हें लाल गुलाब या लाल अड़हुल के पुष्प अर्पित करने चाहिए।

मां सरस्वती: इन्हें सफेद या पीले रंग के फूल अर्पित किए जाते हैं। इन्हें सफेद गुलाब, सफेद कनेर या फिर पीले गेंदे के फूल अर्पित करने से मां सरस्वती बेहद प्रसन्न हो जाती हैं।

शनि देव: इन्हें नीले लाजवन्ती के फूल अर्पित किए जाते हैं। इसके अलावा शनि देव को नीले या गहरे रंग के फूल चढ़ाने से ये जल्दी प्रसन्न हो जाते हैं।

Tags: