शुक्र की बदली चाल से वृष राशि वालों को हो सकती है परेशानी, शत्रुओं से रहें सावधान

शुक्र ने गोचर परिवर्तन किया है। शुक्र 11 दिसम्बर तक तुला राशि में रहेंगे। इसका लगभग सभी राशियों के जातकों पर प्रत्यक्ष या परोक्ष प्रभाव पड़ेगा।

Update: 2020-11-18 03:08 GMT

जनता से रिश्ता वेबडेस्कशुक्र ने गोचर परिवर्तन किया है। शुक्र 11 दिसम्बर तक तुला राशि में रहेंगे। इसका लगभग सभी राशियों के जातकों पर प्रत्यक्ष या परोक्ष प्रभाव पड़ेगा। जानते हैं कि मेष, वृष, मिथुन, कर्क, सिंह और कन्या राशि पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा। ये बता रहे हैं ज्योतिषाचार्य अनीस व्यास।

मेष राशि:

इस राशि के सातवें भाव में शुक्र गोचर करेंगे। कुंडली में सातवां भाव वैवाहिक जीवन, जीवनसाथी और जीवन के कई महत्वपूर्ण फैसलों पर आधारित होता है। यह गोचर आपके जीवन में नए बदलाव लेकर आएगा जो आपको शुभ फल की प्राप्ति कराएंगे। शुक्र की कृपा से आपको करियर में बड़ी उपलब्धि हासिल होगी। आप नया व्यवसाय कर सकते हैं साथ ही आपका कोई पुराना बड़ा कार्य इस अवधि में बन जाएगा। यदि आप नौकरी बदलने की सोच रहे हैं तो यह अवसर अच्छा है। आर्थिक रूप से पूरा एक महीना आपके लिए लाभकारी सिद्ध होगा। व्यापार में मुनाफा होगा। इस अवधि में आपके नए प्रेम संबंध भी बन सकते हैं। सेहत के प्रति सचेत रहें क्योंकि उदर रोग आपको परेशान कर सकते हैं।

वृष राशि:

शुक्र आपकी राशि से छठे भाव में गोचर करेगा। यह शत्रु भाव होता है। इस भाव से विरोधियों, रोग, पीड़ा, जॉब, कम्पीटीशन, रोग प्रतिरोधक क्षमता, शादी-विवाह में अलगाव एवं क़ानूनी विवादों को देखा जाता है। ऐसे में, इस दौरान आपको मिश्रित फलों की प्राप्ति होगी। शत्रुओं से सावधान रहने की जरूरत है। आप उनके जाल में आसानी से फंस सकते हैं जिससे आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है। नौकरी अभी बदलने की मत सोचिएगा क्योंकि इससे आपको नुकसान हो सकता है। छात्रों के लिए समय अच्छा है। मेहनत के मुताबिक फल मिलेगा।

मिथुन राशि:

इस राशि के पंचम भाव में शुक्र प्रवेश करेंगे। कुंडली में इस भाव को, संतान भाव के नाम से भी जाना जाता है। इस भाव से रोमांस, संतान, रचनात्मकता, बौद्धिक क्षमता, शिक्षा एवं नए अवसरों को देखा जाता है। ऐसे में गोचर की इस अवधि में, आपको बहुत ही ज्यादा अनुकूल परिणामों की प्राप्ति होगी। नौकरी करने वाले जातकों के लिए यह अवधि अत्यधिक भाग्यशाली साबित होगी। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। यदि आप नौकरी में प्रमोशन चाहते हैं तो वह भी इस वक्त आपको मिल सकता है। मेहनत करना कम ना करें और अपने बॉस से प्रमोशन की बात जरूर करें। कुल मिलाकर इस राशि के लोगों के लिए यह गोचर भाग्यशाली सिद्ध होने वाला है।

कर्क राशि:

इस राशि से चौथे भाव में शुक्र का गोचर हो रहा है। ये कुंडली का सुख का भाव माना जाता है। इस गोचर का कर्क राशि पर शुभ प्रभाव पड़ेगा। धन वृद्धि के साधन खुलेंगे और रुके हुए कार्य भी बनने लगेंगे। यदि आपकी माता की तबीयत लंबे वक्त से खराब चल रही है तो इस दौरान उसमें सुधार देखने को मिलेगा। कोई नया वाहन खरीदने के योग बन रहे हैं। प्रेम जीवन के लिए यह गोचर शुभ रहेगा। जीवनसाथी से भरपूर सहयोग मिलेगा साथ ही आप लंबी छुट्टियों पर भी जा सकते हैं। अपनी सेहत को लेकर सचेत रहें क्योंकि आपकी सेहत बिगड़ सकती है। खाने की आदतों पर ध्यान दें और उन्हें सुधारें भी।

सिंह राशि:

सिंह राशि के तीसरे भाव में गोचर हो रहा है। यह कुंडली का सहज भाव है। इस भाव से व्यक्ति के साहस, इच्छा शक्ति, छोटे भाई-बहनों, जिज्ञासा, जुनून, ऊर्जा, जोश और उत्साह को देखा जाता है। इस दौरान आपके लिए शुक्र का यह गोचर, शुभ साबित होगा। इस दौरान आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा। यदि आप लंबे वक्त से धन संबंधी परेशानी से जूझ रहे हैं तो आपको इससे निजात मिलने वाली है। अचानक धनलाभ भी हो सकता है या रुका हुआ धन भी वापस आ सकता है।

कन्या राशि:

शुक्र कन्या राशि के दूसरे भाव में गोचर कर रहे हैं। यह गोचर आपके लिए अनुकूल रहने वाला है। इस समय आर्थिक जीवन में आपको भरपूर सफलता मिलेगी। जिससे आपको अच्छा धन लाभ होगा। साथ ही आपको इस गोचर के दौरान, अपने धन को संचय करने में भी कामयाबी मिलेगी। पारिवारिक जीवन में आप अपने परिवार के प्रति, जागरूक नजर आएंगे। इसके लिए आप घर के सदस्यों के साथ समय बिताते और उनका सहयोग करते भी दिखाई देंगे। आपके इस अच्छे बदले हुए रवैये से, पूरे परिवार में सकारात्मक वातावरण देखने को मिलेगा। शुक्र देव की कृपा से व्यापारियों को धन कमाने के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे।



Tags:    

Similar News

-->