Sawan Masik Shivratri 2025: सावन में कब रखा जाएगा मासिक शिवरात्रि व्रत,जानें तिथि, शुभ मुहूर्त और महत्व
Sawan Masik Shivratri 2025: सनातन संस्कृति में सावन का महीना बहुत ही पवित्र और शुभ माना जाता है. यह महीना विशेष रूप से भगवान शिव की पूजा के लिए समर्पित है. इस दौरान लोग व्रत रखते हैं, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक करते हैं और मंत्रों का जाप करते हैं और भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं. सावन में आने वाली मासिक शिवरात्रि का विशेष महत्व होता है, क्योंकि इसे शिव भक्तों के लिए बहुत ही फलदायी माना जाता है. इस दिन शिव-पार्वती की विशेष पूजा करने से जीवन में सुख-शांति, दांपत्य जीवन में खुशहाली आती है. ऐसे में आइए जानते हैं इस साल सावन में किस दिन मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा|
सावन मासिक शिवरात्रि 2025 की तिथि:
दृक पंचांग के अनुसार सावन मास की कृष्ण चतुर्दशी तिथि का प्रारम्भ 23 जुलाई को सुबह 04:39 बजे होगा और इसका समापन 24 जुलाई को रात 02:28 बजे होगा। उदया तिथि के अनुसार शिवरात्रि का व्रत 23 जुलाई, बुधवार को रखा जाएगा।
पूजा का शुभ मुहूर्त:
सावन शिवरात्रि की रात्रि में भगवान शिव की पूजा का विशेष मुहूर्त 24 जुलाई की रात 12:07 बजे से 12:48 बजे तक का है। इस दौरान कुल 41 मिनट की अवधि को शिव पूजन के लिए सर्वोत्तम माना गया है। इस समय रात्रि जागरण, शिव नाम का जाप, और बेलपत्र, दूध, गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक करना विशेष फलदायक होता है।
पारण का समय:
सावन शिवरात्रि व्रत का पारण 24 जुलाई को किया जाएगा। इस दिन पारण का समय सुबह 05:38 बजे का है। इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन में सामंजस्य और प्रेम बना रहता है। साथ ही यह दिन जीवन के कष्टों को दूर करने, रोगों से मुक्ति और सौभाग्य प्राप्ति के लिए भी अत्यंत लाभकारी माना गया है।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सावन मास की शिवरात्रि के दिन ही भगवान शिव और देवी पार्वती का पुनः मिलन हुआ था। इस दिन विधिवत व्रत और पूजन करने से शिवजी शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों को मनोवांछित फल प्रदान करते हैं।