New Year 2026 Puja: नववर्ष या किसी भी विशेष धार्मिक अवसर पर अक्सर मंदिरों में भारी भीड़ देखने को मिलती है। खासतौर पर नए साल के दिन धार्मिक स्थलों पर दर्शन के लिए घंटों लंबी कतारें लग जाती हैं। ऐसे में कई बार समय की कमी, अधिक भीड़, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या अन्य किसी कारण लोग मंदिर नहीं जा पाते। हालांकि, धार्मिक ग्रंथों में यह स्पष्ट किया गया है कि सच्ची श्रद्धा और विधिपूर्वक घर पर की गई पूजा भी उतनी ही पुण्यदायी मानी जाती है।
नए साल 2026 के पहले दिन, यानी 1 जनवरी को आप अपने घर में ही पूजा-पाठ करके नववर्ष की शुभ और सकारात्मक शुरुआत कर सकते हैं। घर पर की गई पूजा न केवल भीड़ से बचाती है, बल्कि मन को शांति और एकाग्रता भी प्रदान करती है। यह भक्ति का एक सरल और प्रभावशाली तरीका है, जिसमें परिवार के सभी सदस्य साथ मिलकर ईश्वर का स्मरण कर सकते हैं।
नए साल पर इस विधि से करें पूरा:
घर पर पूजा करने के लिए सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। इसके बाद घर के पूजा स्थल या ईशान कोण की अच्छी तरह सफाई करें। भगवान की प्रतिमा या चित्र के सामने दीपक जलाएं और जल, फूल, अक्षत, धूप, भोग व नैवेद्य अर्पित करें। पूजा के दौरान मन को शांत रखें और पूरे भाव के साथ ईश्वर का ध्यान करें।
नए साल के पहले दिन मंत्र जाप का विशेष महत्व माना गया है। आप “ॐ नमः शिवाय”, “ॐ नमो भगवते वासुदेवाय” या अपने इष्ट देव का नाम श्रद्धापूर्वक जप सकते हैं। मंत्र जाप से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और मन में नई शुरुआत के प्रति उत्साह बढ़ता है।
घर में शुभता और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए शंखनाद करें, मुख्य द्वार पर सुंदर रंगोली बनाएं और तोरण सजाएं। तुलसी के पौधे में जल अर्पित करें, बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को अन्न या वस्त्र का दान करें। इस तरह घर पर की गई पूजा-पाठ और सेवा भाव से आप नववर्ष 2026 को सुख, शांति और मंगल कामनाओं के साथ आरंभ कर सकते हैं।
Tags: