Karwa Chauth 2025 इन चीजों के बिना अधूरी है करवा चौथ पूजा, यहां जानें सभी पूजा सामग्री
Karwa Chauth 2025 :करवा चौथ हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है, जिसे कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि पर मनाया जाता है। यह प्रेम और रिश्तों में मिठास लाने का पर्व है, जिस पर उपवास रखने से जीवन में सुख-समृद्धि वास करती है। धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक करवा चौथ पर 'करवा माता' की पूजा-अर्चना की जाती है। इसके अलावा महिलाएं पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और घर में खुशहाली के लिए निर्जला उपवास रखती है, जिसका पारण चंद्रोदय के बाद किया जाता है। हालांकि, व्रत में पूजा का भी खास महत्व माना जाता है। इसलिए सुहागिनें सोलह श्रृंगार कर व्रत की कथा सुनती हैं और सुख-सौभाग्य की कामना करते हुए पर्व से जुड़े सभी नियमों का पालन करती हैं। इस दौरान पूजा-अर्चना हमेशा संपूर्ण सामग्री और नियमों के साथ करना शुभ होता है। इससे अंखड़ सोभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है। ऐसे में आइए करवा चौथ के पूजन की संपूर्ण सामग्री को जानते हैं।
करवा चौथ 2025:
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 9 अक्तूबर को रात 10 बजकर 54 मिनट से प्रारंभ होगी।
इस तिथि का समापन 10 अक्तूबर को रात 7 बजकर 38 पर है।
उदया तिथि के मुताबिक करवा चौथ 10 अक्तूबर 2025 को मनाया जाएगा।
करवा चौथ की पूजा सामग्री :
नई छलनी, रूई की बाती, सींक, कपूर, अगरबत्ती।
गेहूं, अक्षत्, एक लकड़ी की साफ नई चौकी।
करवा चौथ व्रत कथा की किताब, लोटा, कुछ पैसे।
लाल चुनरी, सोलह श्रृंगार का सामान, नया कलश।
दीपक, करवा माता और भगवान गणेश की तस्वीर।
शक्कर, शहद, चंदन, फूल, पान का पत्ता।
घी, रोली, कुमकुम, मौली या कलावा, मिठाई।
आरती की एक पुस्तक, फूल माला, कुछ फूल।
हल्दी, पूजन के लिए नए वस्त्र, भगवानों के लिए वस्त्र।
मिट्टी का करवा, कच्चा दूध, दही, दान की सामग्री।
एक मिट्टी का ढक्कन, साफ एक थाली।
आप करवा चौथ के लिए वस्त्रों का दान भी कर सकती हैं। इसके अलावा महिलाएं लाल रंग की चुनरी या इत्र दान कर सकती है। यह शुभ होता है। हालांकि, अपनी क्षमतानुसार धन और अन्न को दान करना भी लाभकारी होता है। इसके प्रभाव से वैवाहिक जीवन सुखमय बनता है।