June Pradosh Vrat 2025: जून महीने में किस दिन रखा जाएगा प्रदोष व्रत? जानें तिथि और शुभ मुहूर्त
June Pradosh Vrat 2025: हर माह के शुक्ल और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि भगवान शिव को समर्पित होती है। इस दिन शिव शंकर और माता पार्वती की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु इस दिन प्रदोष व्रत रखते हैं और भगवान से अपने मनोवांछित फल की प्राप्ति की कामना करते हैं। हिंदू शास्त्रों में इस व्रत का महत्व विशेष रूप से बताया गया है। मान्यता है कि इस दिन शिव जी की आराधना करने से जीवन में चल रहे दुख, संकट और बाधाएं दूर हो जाती हैं। साथ ही सुख-शांति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। ऐसा भी कहा गया है कि शिव कृपा से मृत्यु के बाद पुण्य लोक की प्राप्ति होती है।
जून का पहला प्रदोष व्रत :
दृक पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी तिथि 08 जून 2025 को सुबह 07:17 बजे आरंभ होगी और इसका समापन 09 जून की सुबह 09:35 बजे होगा। चूंकि उदयातिथि को मान्यता दी जाती है, इसलिए व्रत 08 जून को रखा जाएगा।
यह दिन रविवार का है, इसलिए इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 07:18 बजे से रात 09:19 बजे तक रहेगा।
आषाढ़ मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 23 जून को रात 01:21 बजे प्रारंभ होगी और उसी दिन रात 10:09 बजे समाप्त होगी। तिथि के अनुसार यह व्रत 23 जून को रखा जाएगा। सोमवार को पड़ने के कारण यह सोम प्रदोष व्रत कहलाएगा। इस दिन पूजा का शुभ समय शाम 07:22 बजे से रात 09:23 बजे तक रहेगा।