Hariyali Amavasya 2025: हरियाली अमावस्या पर कौन से पेड़-पौधे लगाना होता है शुभ
Hariyali Amavasya 2025: हिंदू धर्म में अमावस्या तिथि का विशेष धार्मिक महत्व है। खासकर अगर अमावस्या सावन के महीने में पड़े तो इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। सावन के महीने में पड़ने वाली अमावस्या को हरियाली अमावस्या भी कहा जाता है, क्योंकि इस पवित्र महीने में चारों ओर हरियाली से वातावरण शुद्ध हो जाता है।
इस वर्ष हरियाली अमावस्या 24 जुलाई 2025, गुरुवार को पड़ रही है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान, दान, शिव पूजा, पितरों का तर्पण आदि का विधान है। लेकिन इसके साथ ही हरियाली अमावस्या के दिन कुछ पेड़-पौधे लगाना भी शुभ माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार, इन पेड़-पौधों को लगाने से जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है। आइए ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास से जानते हैं कि हरियाली अमावस्या पर कौन से पौधे लगाए जा सकते हैं।
तुलसी - हिंदू धर्म में तुलसी को बहुत ही पवित्र और पूजनीय पौधा माना जाता है। जिस घर में तुलसी का पौधा होता है, वहां सुख-समृद्धि का आगमन होता है। साथ ही, यह पौधा भगवान विष्णु को भी अत्यंत प्रिय है। इसलिए हरियाली अमावस्या के शुभ दिन आप घर में तुलसी का पौधा लगा सकते हैं।
शमी- सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। ऐसे में इस महीने आप भगवान शिव की कृपा पाने के लिए घर में शमी का पौधा भी लगा सकते हैं। इसे सौभाग्य और समृद्धि को आकर्षित करने वाला पौधा माना जाता है। साथ ही, इसे घर में लगाने से शनिदेव का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है।
बेल का पौधा- बेल के पेड़ का संबंध भगवान शिव से है, क्योंकि जलाभिषेक के बाद बेलपत्र चढ़ाना शिव की पूजा में सबसे महत्वपूर्ण विधि है। बेलपत्र के बिना शिव पूजा की सामग्री अधूरी मानी जाती है। सावन हरियाली अमावस्या पर आप अपने घर में या घर के आसपास बेलवृक्ष का पौधा भी लगा सकते हैं।