कहीं गंगा आरती, कहीं दीपस्तंभों की रोशनी, जानें देव दीपावली की अनोखी परंपराएं
देव दीपावली का अद्भुत नजारा
धर्म डेस्क: भारत में त्योहार केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं की खूबसूरती भी दर्शाते हैं। ऐसा ही एक महत्वपूर्ण पर्व है देव दीपावली, जिसे कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाया जाता है। इस वर्ष देव दीपावली 24 नवंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में जहां गंगा के घाट लाखों दीपों से जगमगाएंगे, वहीं महाराष्ट्र के मंदिरों में ऊंचे दीपस्तंभ रोशन किए जाएंगे। राजस्थान में सरोवरों के किनारे दीपदान होगा और दक्षिण भारत में भी कार्तिक माह से जुड़ी विशेष दीपोत्सव परंपराएं देखने को मिलेंगी।
काशी में गंगा घाटों पर दिखेगा अद्भुत नजारा
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में देव दीपावली का विशेष महत्व है। यहां कार्तिक पूर्णिमा की शाम गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में मिट्टी के दीपक जलाए जाते हैं। दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और पंचगंगा घाट सहित विभिन्न घाटों पर दीपों की कतारें सजाई जाती हैं। काशी के पंचगंगा घाट पर स्थित ऐतिहासिक हजारा दीप स्तंभ इस परंपरा का प्रमुख प्रतीक है। इसमें 1,001 दीप जलाने की परंपरा है। इस स्तंभ की विरासत महारानी अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी मानी जाती है। वर्ष 1985-86 के आसपास देव दीपावली के सामूहिक आयोजन को व्यापक पहचान मिलने लगी। आज यह उत्सव वाराणसी की प्रमुख सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
महाराष्ट्र में दीपमालाओं की अनोखी परंपरा
महाराष्ट्र में कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और दीपोत्सव आयोजित किए जाते हैं। महाराष्ट्र की एक खास परंपरा दीपमाला या दीपस्तंभ जलाने की है। मंदिरों के सामने बने ऊंचे पत्थर के स्तंभों में कई स्तरों पर दीप रखने की व्यवस्था होती है। जब इन सभी स्थानों पर दीपक जलाए जाते हैं, तो पूरा स्तंभ रोशनी से जगमगा उठता है। नासिक के त्र्यंबकेश्वर मंदिर में भी कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दीपमाला पूजन और दीप प्रज्वलन की परंपरा है। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, इस दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान और भगवान त्र्यंबकराज की शोभायात्रा भी होती है।
नासिक से मुंबई तक दीपोत्सव की रौनक
महाराष्ट्र में नासिक के गोदावरी घाट, मुंबई के ऐतिहासिक बाणगंगा सरोवर और जेजुरी के खंडोबा मंदिर में भी कार्तिक पूर्णिमा के आसपास दीपोत्सव मनाने की परंपरा है। नासिक में गोदावरी तट पर दीप जलाए जाते हैं, जबकि बाणगंगा सरोवर के किनारे महाआरती और दीपदान का आयोजन होता है। जेजुरी में मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से सजाया जाता है। इस तरह महाराष्ट्र में देव दीपावली की छटा नदी घाटों के साथ मंदिरों के दीपस्तंभों में भी दिखाई देती है।
राजस्थान में पुष्कर सरोवर पर दीपदान
राजस्थान के पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु पुष्कर सरोवर में स्नान और दीपदान करते हैं। यहां आयोजित होने वाला प्रसिद्ध पुष्कर मेला भी कार्तिक माह की प्रमुख सांस्कृतिक पहचान है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पशु मेला और स्थानीय परंपराएं इस अवसर को विशेष बनाती हैं। सरोवर के घाटों पर जलते दीपक और धार्मिक गतिविधियां राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करती हैं।
ओडिशा में नावों के साथ मनाया जाता है पर्व
ओडिशा में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बोइता बंदाण की परंपरा निभाई जाती है। इस दौरान लोग छोटी-छोटी प्रतीकात्मक नावों को जलाशयों में प्रवाहित करते हैं। इन नावों को केले के तने, कागज या अन्य सामग्री से बनाया जाता है। कई स्थानों पर इनके साथ दीप भी रखे जाते हैं। यह परंपरा ओडिशा के प्राचीन समुद्री व्यापार और नाविकों की यात्राओं की स्मृति से जुड़ी मानी जाती है। यहां कार्तिक पूर्णिमा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है।
मुहूर्त, विधि व कथा
आंध्र प्रदेश में तिरुमला का कार्तिक दीपोत्सव
दक्षिण भारत में भी कार्तिक माह के दौरान दीप प्रज्वलन की समृद्ध परंपरा है। आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में 24 नवंबर को कार्तिक दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मंदिर परिसर में घी के दीप जलाए जाएंगे और विशेष धार्मिक अनुष्ठान होंगे। मंदिर के भीतर विभिन्न पवित्र स्थलों के साथ स्वामी पुष्करिणी सरोवर के आसपास भी दीप प्रज्वलन की परंपरा है। तिरुमला का यह आयोजन उत्तर भारत की देव दीपावली से अलग धार्मिक विधियों के साथ मनाया जाता है, लेकिन दोनों पर्वों में प्रकाश और भक्ति का विशेष महत्व है।
क्यों मनाई जाती है देव दीपावली?
कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इस विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया। इसी कारण इस पर्व को देवताओं की दीपावली कहा जाता है। देश के अलग-अलग क्षेत्रों में इस पर्व की धार्मिक कथाएं और स्थानीय परंपराएं भिन्न हो सकती हैं। कहीं भगवान शिव की आराधना प्रमुख होती है, तो कहीं नदी स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व होता है। काशी के गंगा घाटों से महाराष्ट्र की दीपमालाओं और ओडिशा की प्रतीकात्मक नावों तक, कार्तिक पूर्णिमा भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं को एक सूत्र में जोड़ती है।