'कोई सुरक्षा वापस नहीं ली गई', लालू-राबड़ी देवी के मामले पर भाजपा का जवाब

Update: 2026-06-06 06:21 GMT
पटना: लालू प्रसाद यादव और पत्नी राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती के बाद बिहार की राजनीति में घमासान मचा है। राजद नेता आक्रोशित हैं। इसी बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया है कि लालू परिवार की सुरक्षा में कोई कटौती नहीं हुई है।
संजय सरावगी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कोई सुरक्षा वापस नहीं ली गई है। मामला सिर्फ एस्कॉर्ट गाड़ियों और कमांडो के स्टेटस सिंबल के तौर पर इस्तेमाल का है। सुरक्षा का स्तर क्या होगा, यह राज्य और जिला स्तर की सुरक्षा समितियां तय करती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को वह सारी सुरक्षा मिल रही हैं, जिसके वे हकदार हैं। ये लोग अभी भी 24 सुरक्षाकर्मियों के घेरे में रहने वाले हैं। उन्हें बुलेट प्रूफ गाड़ी मिली है।"
बता दें कि लालू प्रसाद यादव और पत्नी राबड़ी देवी ने 'जेड प्लस' सुरक्षा हटाए जाने का आरोप लगाते हुए शनिवार को अपनी सुरक्षा में तैनात बाकी पुलिसकर्मियों को भी वापस लौटा दिया। इसी तरह तेजस्वी यादव ने वन पोलो रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटी से वापस भेज दिया।
राजद नेता शक्ति सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने जानबूझकर लालू परिवार की सुरक्षा में व्यापक कटौती की है। उन्होंने कहा कि हाल ही में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को वाहन से ठोंका गया था। इसके बावजूद सुरक्षा कम करना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष को कमजोर करने और डराने का प्रयास कर रही है।
वहीं, संजय सरावगी ने खान सर कोचिंग विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "जो भी कानून तोड़ेगा, उसे नतीजे भुगतने होंगे, क्योंकि कानून का राज चलता है। मुख्यमंत्री ने बिल्कुल साफ कर दिया है कि पुलिस को कार्रवाई करने की पूरी छूट दी गई है। चाहे कोई व्यक्ति कितना भी ताकतवर हो या आम हो, कानून सबके लिए एक है और जो भी इसका उल्लंघन करेगा, उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा।"
भारत की जीडीपी वृद्धि दर पर संजय सरावगी ने कहा, "भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। नतीजतन, 2025-26 के लिए देश की सालाना जीडीपी ग्रोथ 7.7प्रतिशत दर्ज की गई है। दुनिया के बाकी देशों की तुलना में भारत आर्थिक रूप से कहीं अधिक मजबूत हो रहा है। चीन की ग्रोथ रेट 4.9 प्रतिशत है, अमेरिका की 2.3 प्रतिशत है और जी7 देशों का औसत 1.6 प्रतिशत है, जबकि भारत की ग्रोथ रेट 7.7 प्रतिशत है। औद्योगिक विकास और घरेलू मांग जैसे संकेतक भी मजबूत बने हुए हैं।"
उन्होंने कहा कि पूरा विश्व मंदी के कगार पर है, भारत की अर्थव्यवस्था लगातार ऊपर जा रही है। इससे स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कैसे भारत मजबूती की ओर बढ़ रहा है। अभी पूरे विश्व पर भारत चौथे नंबर की आर्थिक महाशक्ति है। प्रधानमंत्री कह चुके हैं कि जल्द ही देश तीसरी आर्थिक महाशक्ति बनेगा।
Tags:    

Similar News