मुंबई: पर्दे पर कुछ आवाजें किसी चेहरे की पहचान का हिस्सा बन जाती हैं। एसपी बालासुब्रमण्यम यानी एसपीबी की आवाज भी ऐसी ही थी। यूं तो उन्होंने कई अभिनेताओं के लिए गाने गाए लेकिन वह ज्यादातर सलमान खान की आवाज बनकर लोकप्रिय हुए। उन्होंने अपने करियर में हजारों गाने गाए। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि जिस अभिनेता के लिए गाते थे, उसकी स्क्रीन पर्सनैलिटी के हिसाब से अपनी आवाज में अलग रंग ले आते थे। 25 सितंबर 2020 को एसपीबी के निधन ने भारतीय संगीत की दुनिया को बड़ा झटका दिया था।
एसपी बालासुब्रमण्यम ने करीब पांच दशक लंबे करियर में 16 भाषाओं में गाना गाया। दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारों के लिए उनकी आवाज बार-बार सुनाई दी। हिंदी दर्शकों के बीच उन्हें खास पहचान सलमान खान की आवाज के तौर पर मिली। 1989 में सूरज बड़जात्या की फिल्म 'मैंने प्यार किया' आई तो सलमान खान एक नए दौर के रोमांटिक हीरो के तौर पर सामने आए। इस फिल्म के गानों में एसपीबी की आवाज ने सलमान की उस रोमांटिक स्क्रीन इमेज को एक अलग पहचान दी। 'दिल दीवाना' जैसे गाने उस दौर में बेहद लोकप्रिय हुए और सलमान की आवाज के साथ एसपीबी की आवाज का यह मेल दर्शकों को खूब पसंद आया।
इसके बाद यह सिलसिला सिर्फ एक फिल्म तक नहीं रुका। 'साजन', 'हम आपके हैं कौन' और 90 के दशक की दूसरी फिल्मों में भी एसपीबी ने सलमान के लिए गाने गाए। 'हम आपके हैं कौन' के 'पहला पहला प्यार है' जैसे गानों ने सलमान की रोमांटिक हीरो वाली छवि को और मजबूत किया। एसपीबी की आवाज में एक तरफ मिठास थी, तो दूसरी तरफ एक ऐसा इमोशन भी था, जो पर्दे पर दिख रहे कलाकार की भावनाओं के साथ आसानी से जुड़ जाता था।
एसपीबी की पहचान सिर्फ हिंदी सिनेमा और सलमान खान तक सीमित नहीं थी। दक्षिण भारतीय सिनेमा में उनका योगदान कहीं ज्यादा बड़ा था। कमल हासन के लिए उन्होंने कई फिल्मों में अपनी आवाज दी। कमल हासन ने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए और एसपीबी ने उनके किरदारों के हिसाब से अपनी गायकी का अंदाज बदला। 'एक दूजे के लिए' में कमल हासन के किरदार की आवाज का इस्तेमाल भी इसी तरह के एक अलग एक्सपेरिमेंट का हिस्सा था।
रजनीकांत के साथ भी एसपीबी की आवाज का खास रिश्ता रहा। दक्षिण भारत में रजनीकांत की फिल्मों के गानों और उनके स्टारडम के साथ एसपीबी की आवाज लंबे समय तक सुनाई देती रही। उनके लिए गाते समय एसपीबी की आवाज में वह एनर्जी और जोश सुनाई देता था, जो रजनीकांत के बड़े पर्दे वाले अंदाज के साथ फिट बैठता था।
एसपीबी की खासियत यह भी थी कि वह सिर्फ एक ही तरह के गाने तक सीमित नहीं रहे। रोमांटिक गाने हों, दर्द भरे गीत हों या फिर किसी सुपरस्टार के लिए जोश से भरा गाना, उनकी आवाज हर जगह अलग असर छोड़ती थी। अपने करियर में उन्होंने 40 हजार से ज्यादा गाने रिकॉर्ड किए और चार अलग-अलग भाषाओं में छह नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी जीते।
Tags: