सऊदी अरब में युवक की हत्या, परिजनों ने सरकार से लगाई शव मंगाने की गुहार

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-04-24 02:54 GMT

दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र के नरौछ निवासी अब्दुल वदूद के पुत्र मो. शफीकुल्लाह (25) की सऊदी अरब के आभा शहर में हत्या कर दी गयी। घटना गत 12 अप्रैल की बतायी जा रही है। शनिवार की शाम यह खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गयी। बताया जा रहा है कि इस घटना की जानकारी शफीकुल्लाह के परिजनों को नहीं दी गई थी।

शफीकुल्लाह के पिता ने बताया कि सोशल मीडिया से यह खबर शनिवार को गांव पहुंची। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से उन्होंने शव की पहचान हुई। आभा शहर में रह रहे एक व्यक्ति से संपर्क करने पर पता चला कि एक पाकिस्तानी ने भारत के दो लोगों की हत्या कर दी, जिसमें एक शफीकुल्लाह भी था। एक मृतक केरल का रहने वाला बताया जा रहा है।
शफीकुल्लाह की मौत की सूचना की पुष्टि हो जाने बाद परिजनों ने आभा शहर से उसके शव को लाने के लिए पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री डॉ. शकील अहमद से संपर्क किया। मृतक के चचेरे भाई खुर्शीद ने बताया कि शफीकुल्लाह के संदर्भ में डिटेल्स डॉ. शकील को भेज दी गई हैं। बताया जाता है कि मैट्रिक पास शफीकुल्लाह आभा में जेसीबी चलाता था। वह तीन मार्च 2020 को भारत से गया था।
परिजनों ने बताया कि शफीकुल्लाह का शव आभा शहर के किसी अस्पताल में रखा हुआ है। उसे वे लोग अपने घर पर मंगवाकर कफन-दफन करना चाहते हैं। शफीकुल्लाह के परिजनों ने श्रम संसाधन मंत्री जीवेश मिश्रा से भी शव को वतन लाने की गुहार लगायी। मंत्री ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शफीकुल्लाह के परिजनों ने उनसे संपर्क किया है। इसमें नियमानुकूल सभी तरह की मदद की जाएगी।
Tags:    

Similar News

-->