60 फीट गहरे सूखे कुएं में मिली महिला की लाश, पुलिस बल मौके पर मौजूद

फैली सनसनी

Update: 2023-09-08 15:55 GMT
झांसी। झांसी में 60 फीट गहरे सूखे कुएं से महिला की लाश को शुक्रवार शाम को निकाल लिया गया। कुएं के अंदर कोबरा-अजगर जैसे जहरीले सांप थे। इसलिए कोई कुएं से लाश निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसके बाद इटावा से एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने लोहे का काटा कुएं के अंदर डाला तो लाश फंस गई। इसके बाद शव को बाहर निकाल लिया गया। शव निकलने में करीब 31 घंटे लग गए। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मामला पूंछ थाना क्षेत्र का है। कायला निवासी लाड़कुंवर (45) खेत की रखवाली करती थी। उसके पति अजुद्दी ने बताया, “रविवार रात को मेरी पत्नी लाड़कुंवर घर से बिना बताए निकली थी। इसके बाद लौटकर घर नहीं आई। हम लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। कई जगह ढूंढ़ा, लेकिन उसका कुछ पता नहीं लगा। तब पूंछ थाना जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद भी मैं पत्नी को ढूंढ रहा था।
गुरुवार दोपहर मबूसा गांव में कुछ चरवाहे जानवर चरा रहे थे। तभी उनको सूखे कुएं में एक महिला की लाश दिखी। चरवाहों ने गांव में सूचना दी, तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर हम भी पहुंच गए। कुएं में देखा, तो लाश मेरी पत्नी की थी।” जिस कुएं में महिला की लाश पड़ी थी, वो करीब 60 फीट गहरा है। उसमें पानी नहीं है। पहले तो ग्रामीण कुएं में उतरने को राजी हो गए थे, लेकिन थोड़ी देर बाद अजगर और दो कोबरा सांप आकर लाश से लिपट गए। इसके बाद ग्रामीणों के होश उड़ गए। लोगों ने गौर से देखा, तो कुएं में कई सांप नजर आए।
इसके बाद सभी ने कुएं में उतरने से मना कर दिया। तब पुलिस ने वन विभाग की टीम को सूचना दी। थोड़ी देर बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। हालत देखकर वन विभाग की टीम ने भी अंदर जाने से हाथ खड़े कर दिए। पुलिस ने एंबुलेंस को बुला लिया था। जब लाश नहीं निकाली जा सकी, तो पुलिस और वन विभाग की टीम लौट गई। महिला की मौत को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कुएं के अंदर लाश के कपड़े अस्त-व्यस्त हैं। उसने कुएं में कूदकर सुसाइड किया या फिसलकर गिर गई या फिर किसी ने हत्या करके उसे कुएं में फेंक दिया। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। शव को कुएं के अंदर से निकाला कैसे जाए, यह बड़ी चुनौती बन गई थी। इसके बाद शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। पूंछ थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी का कहना है कि गुरुवार दोपहर को एक महिला की लाश कुएं में पड़ी होने की सूचना मिली थी। कुएं के अंदर अजगर और कई काले सांप थे। साथ ही कुएं के अंदर जहरीली गैस भी बनी है। इसको लेकर हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। शाम को टीम ने शव को बाहर निकाल लिया। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Tags:    

Similar News