Chandauli. चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़खानी और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने रविवार को वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर ग्राम खडेहरा से की गई। पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर की शाम करीब सात बजे महिला बाजार से अपने घर जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गणेश राम (22) पुत्र हरिदास राम, निवासी खडेहरा ने उसके साथ छेड़खानी की।

विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से महिला का गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर 21 सितंबर को सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने धारा 75 और 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी। पुलिस टीम ने रविवार 27 सितंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे मुखबिर की सूचना पर खडेहरा गांव से आरोपी गणेश राम को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने के लिए रवाना किया। कार्रवाई थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दिनेश राम और पुलिसकर्मियों की टीम ने की।
Tags: