महिला की बेरहमी से हत्या, बाहर से बंद था घर का दरवाजा; अंदर सोते मिले 2 मासूम बच्चे
छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर की अमलतास कॉलोनी में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान महाराजपुर निवासी ज्योति चौरसिया के रूप में हुई है। महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती थी। वारदात के बाद घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला, जबकि अंदर कमरे में महिला के करीब 4 और 6 साल के दोनों बच्चे सोते हुए मिले। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को मकान का दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर किसी अनहोनी की आशंका होने पर थाना प्रभारी ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
घर के अंदर पहुंचने पर महिला मृत अवस्था में मिली। वहीं कमरे में बिस्तर पर उसके दोनों मासूम बच्चे सो रहे थे। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी बच्चों को घर के अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गए। पड़ोसियों के मुताबिक, ज्योति चौरसिया मूल रूप से महाराजपुर की रहने वाली थी और छतरपुर के प्रांजल होटल में काम करती थी। वह अपने दोनों बच्चों के साथ अमलतास कॉलोनी में किराए के मकान में रह रही थी। दिनदहाड़े हुई हत्या के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घर का दरवाजा बाहर से बंद मिलने और बच्चों को अंदर छोड़कर जाने के कारण कई पहलुओं से जांच की जा रही है। व्यक्तिगत रंजिश, पारिवारिक विवाद और महिला के परिचित लोगों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात से पहले महिला से मिलने कौन-कौन आया था। महिला के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर हत्या के तरीके और पूरे घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया जाएगा। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।