सोलन। सोलन के जिला परिषद के 17 वार्डों के चुनाव संपन्न होने के बाद अब अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद जैसी दो हॉट सीट के लिए लॉबिंग शुरू हो गई है। आरंभिक चुनावी नतीजों के विश्लेषण के बाद कुल 17 वार्डों में 10 पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत का स्वाद चखा है। कांग्रेस के पंाच व दो सदस्य निर्दलीय बताए जा रहे हैं। चर्चा के अनुसार इन दो निर्दलीय विजेताओं में से एक कांग्रेस की विचारधारा का बताया जा रहा है। फिलहाल आंकड़ों के मुताबिक किसी भाजपा सदस्य का जिलाध्यक्ष पद पर विराजमान होना लगभग तय है तथा उसी के लिए आज ही बिसात बिछनी शुरू हो गई है। सोलन जिला परिषद अध्यक्ष का पद इस बार अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है।
जिला परिषद् के संपन्न चुनाव में कुल चार वार्ड ऐसे हैं, जिनमें अनुसूचित जाति महिला आरक्षित सीटों पर परिणाम आया है। इसमें डांगरी वार्ड, चेवा, दाड़वा व खेड़ा वार्ड शामिल हैं। नतीजों के मुताबिक डांगरी वार्ड से भाजपा समर्थित कुमारी शीला, चेवा वार्ड से श्रीमति सुमन लता व दाड़वा वार्ड से भाजपा की स्नेहलता और खेड़ा वार्ड से कांग्रेस समर्थित परविंदर कौर जीतकर आई हैं। कांग्रेस भी वेट एंड वॉच की रणनीति अपनाकर भाजपा के प्रत्येक एक्शन पर नजर रख रही है। जिला परिषद के शीर्ष पदों को लेकर भाजपा के भीतर चल रही गतिविधियों पर कांग्रेस भी नजर बनाए हुए है। पार्टी फिलहाल ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति अपनाए हुए है और भाजपा के अगले कदम का इंतजार कर रही है। आने वाले दिनों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के चुनाव को लेकर राजनीतिक समीकरण और तेज होने की संभावना है। ऐसे में जिला परिषद सोलन की राजनीति का यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।