कुल्लू-लाहुल में मौसम का कहर, भू-स्खलन से वाहन क्षतिग्रस्त

Update: 2026-04-08 11:44 GMT
कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहुल में मौसम का कहर लगातार जारी है। मणिकर्ण-बरशैणी सड़क पर मंगलवार सुबह एक कार भू-स्खलन की चपेट में आ गई। घर्टीगढ़ के पास अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण कार चालक बाल-बाल बच गया। घटना के समय कार बरशैणी से मणिकर्ण की तरफ आ रही थी। गनीमत रही कि चालक को कोई चोट नहीं आई। मलबा गिरने के बाद कार दलदल में फंस गई, जबकि पास से गुजर रही दो-तीन अन्य गाड़ियों को चालक बीच ही रोकना पड़ा।
मणिकर्ण-बरशैणी मार्ग पर घर्टीगढ़ के पास मार्च से लेकर अब तक लगभग एक महीने के भीतर आठ बार लैंड स्लाइड हो चुका है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ दरकने लगे हैं और सड़क पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नवंबर 2025 से यह प्वाइंट जोखिम भरा बन गया है। बरशैणी, तोष, तुलगा-पुलगा और कालगा जैसे क्षेत्रों में पर्यटक भी जाते हैं, लेकिन भू-स्खलन के कारण उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से कई बार संपर्क किया और सुरक्षा उपायों तथा वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने की मांग की। लेकिन अब तक प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाए, जिससे ग्रामीण और पर्यटक दोनों परेशान हैं। वहीं लाहुल के मोसूमा थेतुप कुरकुर में पहाड़ी से गिरा बड़ा पत्थर एक सैलानी दंपत्ति की कार पर पड़ा। पश्चिम बंगाल के मनोजित सिंह रॉय और उनकी पत्नी पॉलिनी सिंघा घायल हो गए। उन्हें केलांग अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कुल्लू रेफर किया गया। दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस क्षेत्र में लगातार भू-स्खलन और मलबा गिरने की घटनाओं ने सड़क यातायात और पर्यटक यात्रा को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करने के लिए मलबा हटाने और जोखिम कम करने के उपाय किए जा रहे हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जोखिम वाले प्वाइंट पर स्थायी सुरक्षा उपाय लगाए जाएं और नियमित निगरानी की जाए। साथ ही पर्यटकों और ग्रामीणों को वैकल्पिक मार्गों के बारे में समय-समय पर जानकारी दी जाए। इस मौसम ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के मौसम में भू-स्खलन की घटनाओं से निपटने के लिए तत्काल और प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।
Tags:    

Similar News