फाइल फोटो
नई दिल्ली: लोकसभा से वक्फ संशोधन विधेयक 2024 कुछ संशोधनों के साथ पारित हो गया है. लोकसभा में चली मैराथन चर्चा के बाद ये बिल 232 के मुकाबले 288 वोट से पारित हो गया. अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अब इस बिल को राज्यसभा में पेश कर दिया है. राज्यसभा में भी इस विधेयक पर बहस के लिए आठ घंटे का समय निर्धारित किया गया है.
लोकसभा में शून्यकाल के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारतीय जमीन पर चीनी कब्जे और अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ का मुद्दा उठाया. राहुल गांधी ने कहा कि भारत की जमीन पर चीनी कब्जा क्यों है. देश की जमीन वापस मिलनी चाहिए. उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका ने भारत पर टैरिफ लगाया है. इसका देश की अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा. राहुल गांधी ने सरकार से सीधा सवाल किया कि टैरिफ पर आप क्या करने जा रहे हो.
हैदराबाद में 400 पेड़ रातोंरात काटे जाने का मुद्दा राज्यसभा में उठा. प्रश्नकाल के दौरान इससे संबंधित सवाल के उत्तर में पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि ये दुर्भाग्यपूर्ण है. हमें समझ नहीं आया कि ऐसी क्या जरूरत आ पड़ी कि लाइट लगाकर, बुल्डोजर लगाकर पेड़ काटे गए. हमने इसका संज्ञान लेकर नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. निश्चित रूप से इस मामले में कार्रवाई की जाएगी.