राजस्थान निकाय चुनाव का पहला चरण आज 5393 वार्डों में होगी वोटिंग
चुनाव का पहला चरण
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान की तैयारी पूरी हो गई हैं. पोलिंग पार्टियां भी मतदान केद्रों पर पहुंच चुकी हैं. बुधवार यानी (09 सितंबर) को पहले चरण के लिए वोट डाले जाएंगे. 39 जिलों के कुल 162 नगरीय निकायों में पहले चरण में मतदान होना है. इसमें 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाएं शामिल हैं. वोटिंग का टाइम सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक तय किया गया है. इस दौरान 162 नगर निकायों में 7,683 मतदान केंद्रों पर कुल 57,52,278 मतदाता वोट डालेंगे.
निकाय चुनाव के पहले चरण में पार्षद के 5,393 पदों के लिए 20 हजार से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. पहले चरण में शामिल चार नगर निगम अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, पहले चरण में जयपुर जिले के 18 नगर निकायों में भी मतदान होगा. इसके लिए 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं.
जयपुर की चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के साथ 16 नगर पालिकाओं में मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा नगर पालिका शामिल हैं.