बारिश के बीच भी वोटरों में उत्साह, सुबह 9 बजे तक 19.60 फीसदी वोटिंग

Update: 2026-05-30 09:08 GMT
हिमाचल प्रदेश। प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान जारी रहा। इस चरण में प्रदेश भर की कुल 1189 पंचायतों में वोट डाले जा रहे हैं। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और मतदाताओं में उत्साह साफ नजर आया। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सुबह 9:00 बजे तक प्रदेश में औसतन 19.60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। शुरुआती समय में मतदान की रफ्तार सामान्य रही, लेकिन जैसे-जैसे समय आगे बढ़ा, मतदान केंद्रों पर भीड़ बढ़ती गई। कई इलाकों में सुबह के समय मौसम खराब रहने के बावजूद मतदाताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर खासा जोश देखने को मिला। युवा मतदाताओं से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। वे अपने अनुभव को लेकर काफी उत्साहित दिखे और मतदान को अपना अधिकार और जिम्मेदारी दोनों बताया।
इस बीच एक विशेष उदाहरण जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र से सामने आया, जहां कस पंचायत के वार्ड कस में 105 वर्षीय बसंती देवी ने भी मतदान किया। इतनी अधिक उम्र होने के बावजूद उनका मतदान केंद्र तक पहुंचना और वोट डालना लोगों के लिए प्रेरणा का विषय बना रहा। बसंती देवी के इस कदम की स्थानीय स्तर पर काफी सराहना की जा रही है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है।
कई स्थानों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए छाया, पानी और बैठने की व्यवस्था भी की गई है। ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं को लाने-ले जाने के लिए स्थानीय स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित किया जा सके। चुनाव आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया दिनभर चलती रहेगी और शाम तक मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की संभावना है। प्रशासन का लक्ष्य है कि अंतिम चरण का चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जाए। इस चरण के मतदान के साथ ही प्रदेश में पंचायती राज चुनाव की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच जाएगी। अब सभी की नजरें अंतिम मतदान प्रतिशत और परिणामों पर टिकी हुई हैं।
Tags:    

Similar News