Swarghat. स्वारघाट। जिला बिलासपुर की ग्राम पंचायत टाली में चल रहे रेलवे निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। रेलवे निर्माण में लगी कंपनी के खिलाफ सैकड़ों ग्रामीणों ने कंपनी के साइट ऑफिस पहुंचकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। धरने के दौरान पूरा जकातखाना क्षेत्र नारों से गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने साडा हक इथे रख, भारत माता की जय और अभी तो अंगड़ाई है आगे बड़ी लड़ाई है जैसे जोरदार नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज करवाया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे निर्माण कार्य में बाहरी लोगों को रोजगार दिया जा रहा है, जबकि पंचायत और आसपास के स्थानीय युवाओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों ने मांग उठाई कि स्थानीय युवाओं को लेबर, मैकेनिक और ड्राइवर जैसे पदों पर प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जयोरीपतन-स्वारघाट सडक़ पर बनने वाला पुल पिछले तीन वर्षों से नहीं शुरू हुआ है। कई बार शिकायतें और आग्रह करने के बावजूद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया। धरना-प्रदर्शन में महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया। संटू मलिक ने कहा कि एक महीने बाद मानसून शुरू होने वाला है और उसके बाद कंपनी में जो भी नई रिक्वायरमेंट आएगी, उसमें स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाएगा। इस दौरान ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से एसडीएम स्वारघाट से भी बात की। लोगों का कहना है कि एसडीएम ने चुनावों के बाद बैठक बुलाकर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है। वहीं रॉयल इंफ्रा के प्रोजेक्ट मैनेजर संटू मलिक ने मीडिया को बताया कि उनकी कंपनी करीब 6 महीने पहले ही यहां काम करने के लिए आई है। उन्होंने कहा कि फिलहाल जो प्लांट और अन्य निर्माण कार्य चल रहे हैं उनमें स्थानीय मजदूरों को ही लगाया गया है।