मेरठ: पश्चिमी यूपी में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम सिटी ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की नौ बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। आरोपी अब तक 50 से ज्यादा वाहन चोरी कर चुके हैं।
चोरी के वाहनों को कैंट क्षेत्र में आर्मी के पुराने खंडहरनुमा स्थान पर छिपाया जाता था। मौका मिलते ही वाहनों को खोलकर उनके पार्ट्स अलग कर दिए जाते और बाजार में बेच दिए जाते थे। सोमवार को पुलिस लाइन में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी सिटी विनायक भोसले सीओ कैंट संजय गुप्ता ने प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार निवासी ईएमई कॉलोनी कंकरखेड़ा, विजय सक्सेना निवासी बहसूमा, विजय कुमार निवासी जेल चुंगी, नितिन कुमार निवासी शिव शक्ति विहार गढ़ रोड, हाल मोदीनगर के रूप में हुई है।
मुख्य आरोपी विजय सक्सेना गिरोह का मुख्य संचालक बताया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी विजय चोरी के वाहनों को दिल्ली और हापुड़ कबाड़ियों को छह से आठ हजार रुपये में बेच देता था। सभी पर मेरठ, गाजियाबाद के थाने में मुकदमा दर्ज है। इस मामले में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। चोरी के वाहनों और उनके पार्ट्स की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
उधर, चोरी से जुड़ा मामला गोरखपुर से भी सामने आया है। जहां भटनी में जीआरपी के सघन जांच अभियान के तहत एक शातिर मोबाइल चोर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। जांच के दौरान एक साथ करीब 55 लाख के चोरी मोबाइल सेट देखकर पुलिस भी हैरान हो गयी। पुलिस ने आरोपी के पास से बरामद फोन को सीज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया। GRP इसे एक बड़ी सफलता के तौर पर देख रही है।
थानाध्यक्ष राजेश पांडेय स्टेशन अपने साथियों के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक पश्चिम बंगाल जाने के लिए ट्रेन का वेट कर रहा है। उसके पिट्ठू बैग की जांच करने में पुलिस को संदेह हुआ। जांच के दौरान बैग से आईफोन, गूगल पिक्सल और सैमसंग जैसी कंपनियों के महंगे फोन बंद मिले। करीब 46 स्मार्टफोन एक साथ देखकर पुलिस दंग रह गयी। पुलिस पकड़े गए आरोपी अब्दुल शेख से पूछताछ शुरू की। जिसमें पुलिस को जानकारी मिली कि अब्दुल ट्रेन से लोगों के मोबाइल फोन चुराता है और पश्चिम बंगाल ले जाकर उसे औने-पौने दाम पर बेच देता है।