UPDATE: सत्य निकेतन हादसे का दर्दनाक मंजर मलबे से निकले 9 बच्चे 3 की मौत
मलबे में दबी मासूम जिंदगी NDRF ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन
Delhi दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना में तीन बच्चों की मौत हो गई है। अतिरिक्त DCP-I, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली अभिमन्यु पोसवाल ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक कुल 9 बच्चों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। अधिकारी ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि सत्य निकेतन इलाके में एक इमारत गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि हालात को देखते हुए नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) को भी मौके पर बुलाया गया। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे को हटाकर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है। अभिमन्यु पोसवाल ने कहा कि बचाव अभियान के दौरान 9 बच्चों को बाहर निकाला गया, जिनमें से 6 बच्चों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया है। वहीं, तीन बच्चों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि हादसे के मामले में जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। पुलिस इमारत के मालिक से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मौके पर NDRF, दिल्ली फायर सर्विस, दिल्ली पुलिस और अन्य राहत टीमें लगातार काम कर रही हैं। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए सावधानी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सत्य निकेतन हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही इमारत गिरने की असली वजह सामने आएगी।