मौजूदा सरकार में प्रदेश के सभी टोल प्लाजा गुंडागर्दी का पर्याय बने: अशोक तंवर

Update: 2023-09-20 11:07 GMT
फरीदाबाद। आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ अशोक तंवर ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय का शुभारंभ किया, इसके बाद प्रेस वार्ता की। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं, दुकानदारों, मजदूरों और व्यापारियों से वादे किए, लेकिन वो वादे ऐसे ही धरे रह गए। ऐसे में साढ़े नौ वर्ष बीतने के बाद देश और प्रदेश की जनता परिवर्तन करने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां प्रदेश में हर कोई धरने प्रदर्शन कर रहा है, वहीं प्रदेश में जितने भी टोल प्लाजा हैं वो गुंडागर्दी का पर्याय बन गए हैं। उन्होंने कहा कि खरखौदा के गांव टोल प्लाजा पर टोल मांगने पर सोनीपत के भाजपा जिला अध्यक्ष और ब्लॉक समिति अध्यक्ष की गुंडागर्दी पूरे प्रदेश ने देखी। गन्नौर के भिगान टोल प्लाजा के कर्मियों ने महिला और एक व्यक्ति को दौड़ा दौड़ा कर पीटा, वहीं नांगल चौधरी के सिरोही बहाली टोल प्लाजा के कर्मियों ने किसानों के साथ मारपीट की। ऐसे टोलों को बंद कर देना चाहिए ताकि टोलकर्मियों और सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी बंद हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की सरकार ने लगभग 18 महीने में 12 टोल खत्म कर दिए हैं।
उन्होंने खट्टर सरकार से हरियाणा टोल बंद करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश पर लगभग 3 लाख करोड़ का कर्जा हो तो इससे समझा जा सकता है कि उसकी मली हालत क्या होगी। अर्थव्यवस्था की दृष्टि से पूरे देश में हरियाणा की चौथे नंबर पर सबसे खराब परफॉर्मेंस हैं। हरियाणा के राजस्व का 20% कर्ज के ब्याज पर खर्च होता है। इसके बावजूद ये इतनी बेशर्म सरकार है कि न ये अर्थव्यवस्था ठीक रख सकते और न व्यवस्था ठीक रख सकते। बार बार बिजली आंदोलन चल रहा है फिर भी बिजली नहीं आती और कहते हैं बिजली की कोई दिक्कत नहीं है। प्रदेश की जनता को प्रमाण की जरूरत नहीं है कि आज हरियाणा के हालात क्या हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। जब इसकी शुरुआत हुई थी तो केवल नाम का संगठन था, लेकिन अब काम का संगठन तैयार हो गया है। अब ऐसा संगठन तैयार हो गया है। जिसकी एक मजबूत आधारशिला है। आम आदमी पार्टी की लोकसभा, जिला और ब्लॉक स्तर की कमेटियां बन गई हैं। इसके अलावा महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्रों, मजदूरों और किसानों का संगठन बनकर तैयार हो गया है। पिछले दिनों सर्कल इंचार्ज बनाए गए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भिवानी से परिवार जोड़ो अभियान का आह्वान किया था। एक पार्टी इस देश, प्रदेश और परिवारों को तोड़ने में लगी हुई है और जो विपक्ष में बैठी है वो पार्टी देख रही है।
Tags:    

Similar News

-->