Dhaka ढाका। बांग्लादेश के चट्टोग्राम में बुधवार को सैन्य अभ्यास के दौरान एक टैंक में अचानक विस्फोट होने से सेना के दो सैनिकों की मौत हो गई, जबकि एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हथाजारी फील्ड फायरिंग रेंज में हुआ। दुर्घटनाग्रस्त टैंक को चीन में विकसित Type 59 बताया गया है, जिसका इस्तेमाल बांग्लादेश की सेना करती है।
बांग्लादेश के इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टोरेट (ISPR) के अनुसार, सेना के जवान फील्ड फायरिंग अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान टैंक से फायरिंग करते समय अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंक के अंदर मौजूद दो सैनिकों की मौत हो गई। हादसे में सेना का एक अधिकारी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल अधिकारी को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर ढाका स्थित कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाने की व्यवस्था की गई।



घटना से जुड़े बताए जा रहे वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं। इनमें टैंक के पास अचानक धमाका और उसके बाद धुआं उठता दिखाई दे रहा है। दूसरे वीडियो में सैन्यकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य करते देखा जा सकता है। हादसे का शिकार Type 59 मूल रूप से चीन में विकसित मुख्य युद्धक टैंक है। बांग्लादेश सेना लंबे समय से इसके विभिन्न संस्करणों का इस्तेमाल करती रही है। फिलहाल विस्फोट के सटीक कारण की पुष्टि नहीं हुई है। यह तकनीकी खराबी, गोला-बारूद से जुड़ी समस्या या किसी अन्य वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। ISPR के मुताबिक दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Tags: