खेलते-खेलते मौत के गड्ढे में समा गए दो मासूम, माता-पिता काम में व्यस्त थे
मचा कोहराम.
सूरत: गुजरात के सूरत शहर के भेस्तान इलाके में एक निर्माणाधीन साइट पर शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां लिफ्ट के लिए बनाए गए गड्ढे में गिरने से दो मासूम बच्चों की पानी में डूबकर मौत हो गई. मृतक दोनों बच्चे सगे भाई-बहन थे. इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया. परिजनों ने निर्माण साइट पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाते हुए ठेकेदार की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है.
भेस्तान इलाके में डायमंड विजनेश पार्क की एक निर्माणाधीन साइट पर बच्चों के माता-पिता मजदूरी का काम कर रहे थे. इसी दौरान दोनों भाई-बहन साइट पर खेल रहे थे. खेलते-खेलते दोनों बच्चे लिफ्ट के लिए बनाए गए गड्ढे के पास पहुंच गए और उसमें गिर पड़े.
बताया जा रहा है कि लिफ्ट के इस गड्ढे में करीब पांच फीट तक पानी भरा हुआ था. पानी में गिरने के कारण दोनों बच्चे डूब गए और उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई.
जिन बच्चों के माता-पिता निर्माण साइट पर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे, उसी साइट पर हुए हादसे में उन्होंने अपने दोनों बच्चों को खो दिया. इस घटना ने निर्माणाधीन स्थलों पर बच्चों और मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
परिजनों का कहना है कि निर्माण साइट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे. लिफ्ट के लिए बनाए गए गड्ढे में पानी भरा होने के बावजूद उसे सुरक्षित करने के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई थी. परिवार ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
स्थानीय पुलिस ने मामले में आकस्मिक मौत की प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है. जांच में निर्माण साइट पर सुरक्षा के क्या इंतजाम थे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, जैसे पहलुओं की पड़ताल की जाएगी