America अमेरिका: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बेहद कड़ा बयान देते हुए उसे विफल राष्ट्र बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान का अंत हो चुका है और अगर अमेरिकी सेना पर कोई हमला हुआ तो अमेरिका इसका करारा जवाब देगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए ईरानी नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान की अर्थव्यवस्था कमजोर हो चुकी है और देश कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के पास मजबूत सैन्य क्षमता और आर्थिक स्थिरता नहीं बची है।
उन्होंने ईरानी सरकार पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आरोप लगाया और कहा कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व पर मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोप भी लगाए। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच एक महीने बाद फिर सैन्य टकराव हुआ है। अमेरिकी सेना ने दावा किया कि उसने होर्मुज स्ट्रेट क्षेत्र में ईरान के दो रॉकेट लॉन्चर को निशाना बनाया। अमेरिका के अनुसार, ये लॉन्चर रणनीतिक जलमार्ग में गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे।
इसके जवाब में ईरान की ओर से भी मिसाइल हमले किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने जॉर्डन की दिशा में मिसाइलें दागीं, जिन्हें अमेरिकी सुरक्षा प्रणाली ने रोक दिया। दोनों देशों की सेनाओं के बीच हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है। फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अगर अमेरिकी सैनिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई तो अमेरिका जवाब देने में पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना किसी भी खतरे का मुकाबला करने के लिए तैयार है।अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटनाक्रम को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव मध्य पूर्व के अन्य देशों को भी प्रभावित कर सकता है। आने वाले दिनों में दोनों देशों की रणनीति पर पूरी दुनिया की नजर बनी हुई है।
Tags: