Baghpat बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांगनौली गांव की मस्जिद में हुए दिल दहला देने वाले ट्रिपल मर्डर का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। इस वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। मस्जिद में तालीम देने वाले मौलाना इब्राहिम की पत्नी इसराना और उनकी दो मासूम बेटियों की बेरहमी से हत्या करने वाला कोई बाहरी नहीं, बल्कि उनका ही शागिर्द रिहान निकला। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मौलाना से कुरान पढ़ता था, लेकिन पढ़ाई में मन न लगने और डांट-फटकार से नाराज़ होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया। 

मौलाना इब्राहिम लंबे समय से मस्जिद में बच्चों को कुरान की शिक्षा देते आ रहे थे। उनके पास पढ़ने आने वाले किशोर रिहान से वे सख्ती से तालीम दिलाते थे। बताया जा रहा है कि इसी सख्ती ने रिहान के मन में गुस्सा और नफरत भर दी। वह अक्सर पत्नी इसराना से भी टोकाटाकी सुनता था। इसी बात का बदला लेने के लिए रिहान ने अपने एक साथी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।घटना वाले दिन रिहान देर रात मस्जिद में चोरी-छिपे दाखिल हुआ। सबसे पहले वह CCTV रूम में पहुंचा और वहां की फुटेज डिलीट की। इसके बाद वह उस कमरे में गया, जहां मौलाना की पत्नी इसराना सो रही थीं। आरोपी ने हथौड़ी से उन पर ताबड़तोड़ वार किए। आवाज सुनकर जब मौलाना की पांच साल की बेटी जाग गई, तो उसने भी बचने की कोशिश की, लेकिन रिहान ने उसे और उसकी छोटी बहन को भी मौत के घाट उतार दिया।  

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब जांच की तो DVR फुटेज डिलीट मिला, लेकिन मस्जिद के बाहर लगे कैमरों में रिहान और उसके साथी की एंट्री रिकॉर्ड हो गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोचा और हत्या की वारदात का खुलासा किया।मौलाना इब्राहिम उस वक्त देवबंद गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने अपनी पत्नी और बेटियों के शव देखे तो उनकी आंखों से आंसू सूख गए। उन्होंने कहा— “मेरी बेटी ने कुछ देर पहले मैसेज किया था, अब्बू, रिहान जैसा खिलौना लाना। मुझे क्या पता था वही रिहान मेरी बेटियों की जान ले लेगा।आज गांगनौली की वह मस्जिद जहां कभी कुरान की तिलावत गूंजती थी, अब मातम में डूबी है। दीवारें उस रात की गवाही दे रही हैं, जब एक नाफरमान शिष्य ने अपने ही गुरु का संसार उजाड़ दिया।
Tags: