TRANSFER BREAKING: राजधानी में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
34 IAS अफसरों का तबादला 14 जिलों को मिले नए DM
Lucknow. लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 34 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस बदलाव में 14 जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदले गए हैं। तबादला सूची में जिलाधिकारियों के अलावा मुख्य विकास अधिकारी (CDO), नगर आयुक्त, विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों और शासन स्तर के कई पदों पर तैनाती में बदलाव किया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
14 जिलों को मिले नए जिलाधिकारी
तबादले के तहत अनुनय झा को हरदोई के जिलाधिकारी पद से हटाकर मुरादाबाद का नया DM बनाया गया है। वहीं राहुल पाण्डेय को विशेष सचिव राज्य कर से हटाकर हरदोई का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। एम. अरुन्मोली को आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद से हटाकर एटा का जिलाधिकारी बनाया गया है। संजय चौहान को अमेठी से हटाकर कुशीनगर का DM बनाया गया है, जबकि महेंद्र सिंह तंवर को कुशीनगर से कानपुर नगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। शशांक चौधरी को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी इन्वेस्ट यूपी/यूपीडा से अमेठी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अनुज मलिक को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण के CEO पद से हटाकर संतकबीरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है। आलोक कुमार को संतकबीरनगर से पीलीभीत और ज्ञानेन्द्र सिंह को पीलीभीत से बलिया का जिलाधिकारी बनाया गया है। दिव्यांशु पटेल को नगर आयुक्त मुरादाबाद से बागपत का DM बनाया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं
प्रभास कुमार को विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति से हटाकर महोबा का जिलाधिकारी बनाया गया है। उमेश प्रताप सिंह को विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण से बिजनौर का DM बनाया गया है। सत्य प्रकाश पटेल को विशेष सचिव नगर विकास से हाथरस और अशोक कुमार को विशेष सचिव सिंचाई, जल संसाधन एवं परती भूमि विकास से हमीरपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा हिमांशु कौशिक को प्रबंध निदेशक यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन से नगर आयुक्त नगर निगम मुरादाबाद बनाया गया है।
विकास प्राधिकरणों में भी बदलाव
विशाल कुमार को मुख्य विकास अधिकारी मिर्जापुर पद से हटाकर गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण का CEO बनाया गया है। विजय कुमार को विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक से हटाकर आगरा विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। शैलेंद्र भाटिया को ACEO यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण से ACEO यूपीडा की जिम्मेदारी दी गई है। गजल भारद्वाज को महोबा DM पद से हटाकर ACEO इन्वेस्ट यूपी बनाया गया है।
शासन स्तर पर भी फेरबदल
कई अधिकारियों को शासन स्तर पर नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। अस्मिता लाल को बागपत जिलाधिकारी पद से हटाकर विशेष सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण बनाया गया है। अभिषेक गोयल को हमीरपुर DM से विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक बनाया गया है। मंगला प्रसाद सिंह को बलिया जिलाधिकारी पद से हटाकर यूपी सहकारी चीनी मिल संघ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद DM पद से हटाकर विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब नए अधिकारियों के सामने अपने-अपने जिलों में कानून व्यवस्था, विकास योजनाओं और सरकारी कार्यक्रमों के बेहतर संचालन की जिम्मेदारी होगी।