Shahtalai. शाहतलाई। झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शाहतलाई के सरायली पुल पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक ट्रैक्टर टैंकर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे पानी में जा गिरा। हादसे के समय पानी का टैंकर ले जा रहे इस ट्रैक्टर में तीन लोग सवार थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तलाई लाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना तलाई की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, हादसे से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद की जाएगी। पुलिस थाना तलाई द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।