आज की ताजा खबर : BRICS समिट के लिए देर रात दिल्ली पहुंचेंगे पुतिन
BRICS Summit : आधी रात के बाद दिल्ली में पुतिन की एंट्री
Delhi दिल्ली। BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी दिल्ली में कूटनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ईरान के राष्ट्रपति समेत कई वैश्विक नेताओं का दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। रूस के राष्ट्रपति पुतिन देर रात दिल्ली पहुंचेंगे और करीब 60 घंटे भारत में रहेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है।
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक ईरान के राष्ट्रपति दोपहर करीब 2 बजे दिल्ली पहुंचेंगे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के देर रात करीब 12:30 बजे और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के इसके बाद करीब 1:15 बजे दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है। विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई है।
मोदी-पुतिन की अहम मुलाकात
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी। दोनों नेताओं की करीब एक महीने के भीतर यह दूसरी द्विपक्षीय मुलाकात बताई जा रही है। ऐसे में बैठक पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें रहेंगी।
भारत और रूस के द्विपक्षीय संबंधों के साथ मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है। BRICS के मंच पर आर्थिक सहयोग, वैश्विक शासन व्यवस्था, ग्लोबल साउथ और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठने की संभावना है।
BRICS के चलते सुप्रीम कोर्ट में अवकाश
दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट में भी 11 सितंबर को अवकाश घोषित किया गया है। राजधानी में विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और राष्ट्राध्यक्षों के मूवमेंट को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट से होटल और सम्मेलन स्थल तक विभिन्न मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।