सुंडला। भाजपा मंडल डलहौजी का त्रिदेव सम्मेलन सोमवार को सुंडला में संपन्न हुआ। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री बिहारी लाल शर्मा व चंबा-कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के चुनाव प्रभारी एवं पूर्व विधायक अर्जुन सिंह ने मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थिति दर्ज करवाई। इस मौके पर कांगडा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी राजपाल भी विशेष तौर से मौजूद रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा मंडलाध्यक्ष डलहौजी विजय ठाकुर ने की। उन्होंने मुख्यातिथियों को सम्मानित करने की रस्म भी अदा की। सम्मेलन के दौरान लोकसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा के अलावा कार्यकर्ताओं आगामी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अब की बार 400 के पार लक्ष्य को हासिल करने को लेकर टिप्स दिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व प्रदेश की सुक्खू सरकार की झूठी गारंटियों की जानकारी देने के लिए बूथ स्तर तक लोगों से संपर्क करने को कहा। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव काफी अहम है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भाजपा के पक्ष में हवा चल रही है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश की चारों संसदीय सीटों पर भी भाजपा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बनाना कार्यकर्ता का दायित्व है। चुनाव प्रभारी अर्जुन सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनावों को लेकर मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा गठबंधन प्रचंड बहुमत के साथ देश की सत्ता संभालेगा और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री की कुर्सी पर विराजमान होंगें। बैठक में जिला भाजपा प्रधान धीरज नरयाल के अलावा मंडल महामंत्री मदन ठाकुर व सचिव जरम सिंह के अलाव विभिन्न पदाधिकारियों सहित डलहौजी मंडल के त्रिदेव, ग्राम केंद्र व जोन प्रमुख मौजूद रहे।