Nadaun. नादौन। नादौन शहर में एक युवा व्यापारी सहित तीन लोगों की मृत्यु हो जाने से पूरा शहर गम में डूब गया है। शहर में चीखो पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सोमवार को शहर के शमशान घाट पर जब तीन चीताएं एक साथ जलीं तो लोगों ने बताया कि उनके सामने शहर में अब तक ऐसा दूसरी बार हुआ है जब तीन चिताएं एक साथ जली हो। सोमवार सुबह सूचना मिली कि 28 वर्षीय स्थानीय व्यापारी विवेक सोनी पुत्र अनिल सोनी का तडक़े हृदय घात के कारण देहांत हो गया। सूचना मिलते ही पूरा शहर गहरे शोक में डूब गया। अभी दो वर्ष पूर्व ही विवेक का विवाह हुआ था, परंतु उसकी मौत ने परिजनों को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे विवेक जब पानी पीने लगा, तो अचानक बेसुध होकर गिर गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया परंतु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सैकड़ो नाम आंखों ने विवेक को अंतिम विदाई दी। उसके छोटे भाई अखिल ने उसे मुखाग्नि दी। विवेक अपने पीछे पत्नी, माता-पिता और एक भाई को छोड़ गया है। वहीं दूसरी घटना में शहर के वार्ड पांच निवासी सरकारी अस्पताल नादौन में कार्यरत नर्स सुनीता देवी के पति 67 वर्षीय चमन लाल का रविवार देर रात देहांत हो गया वह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। चमन लाल के पुत्र तनुज मेहरा ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी वह अपने पीछे पत्नी एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। इसी तरह शहर के बाघ नाला क्षेत्र के निवासी 63 वर्षीय प्यार चंद का निधन भी रविवार शाम को हुआ। वह कुछ समय से पीजीआई चंडीगढ़ में अपना उपचार करवा रहे थे। रविवार शाम को जब उनके परिजन उन्हें घर ला रहे थे तो रास्ते में नहरियां गांव के पास उन्होंने अंतिम सांस ली। प्यार चंद पंजाब सरकार के अधीन नौकरी करने के उपरांत सेवानिवृत हुए थे।