Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को भी प्रभावित किया है। मानसून के चलते अब तक नौ लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें पहली जुलाई तक छह, जबकि दो जुलाई को 3 और लोगों की मौत हुई है, जिनमें से एक चंबा, जबकि दो लोगों की मौत शिमला जिला में दर्ज हुई है। वहीं भू-स्खलन और तेज बारिश के कारण प्रदेश में 42 सडक़ें बंद हैं, 42 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जबकि 27 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं।
मौसम विभाग ने अगले कई दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे हालात और बिगडऩे की आशंका है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, कुल्लू में सबसे अधिक 30 सडक़ें, चंबा में सात, सिरमौर में आठ, जबकि ऊना में दो सडक़ें बंद हैं। मानसून के चलते बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। चंबा में मानसून की वर्षा के कारण आठ, कुल्लू में तीन, लाहुल-स्पीति में एक, मंडी में तीन, सिरमौर में 27 ट्रांसफार्मर बंद होने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं चंबा जिला के सब-डिवीजन तिस्सा में सबसे अधिक 24 और चंबा में तीन पेयजल योजनाएं प्रभावित होने से लोगों को पानी की परेशानी झेलनी पड़ रही है।