Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में विदेश से वर्चुयल प्राइवेट नेटवर्क यानी वीपीएन का इस्तेमाल करके धमकी भरी मेल भेजी जा रही हैं। प्रदेश में आए दिन कभी उपायुक्त कार्यालय, तो कभी मुख्य सचिव कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में सुरक्षा ऐजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। स्टेट सीआईडी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। प्रदेश के विभिन्न कार्यालयों को बम से उड़ाने की मिल रही धमकियों के मामले की जांच में खुलासा हुआ है कि इससे पहले भेजी गई धमकियों की मेल विदेश से वर्चुयल प्राइवेट नेटवर्क का इस्तेमाल करके भेजी गई थी। सूत्रों के अनुसार साइबर सैल की टीमें बम से उड़ाने की धमकी भेजने वाली मेल का पता लगाने के लिए आईपी एड्रेस ट्रेस करने में जुटी हैं। बताया जा रहा है कि वीपीएन प्लेटफॉर्म से धमकी भरी मेल भेजी जा रही है। देश भर में ऐसे 300 से अधिक धमकी भरी मेल आई हैं। अब सुरक्षा ऐजेंसियां धमकी भरी मेल को ट्रेस कर रही हैं। इसका मास्टरमाइंड कौन है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।
अब ताजा घटनाक्रम में कुल्लू जिला में प्रशासनिक भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। साइबर पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई हैं। उम्मीद है कि जल्द ही धमकी भरी मेल को ट्रेस कर लिया जाएगा। इससे पहले मंडी, हमीरपुर और चंबा उपायुक्त कार्यालयों की इमारतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके अलावा शिमला में प्रदेश सचिवालय में स्थित मुख्य सचिव कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। मुख्य सचिव कार्यालय और उपायुक्त कार्यालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। कुल्लू जिला में प्रशासनिक भवन को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला मुख्यालय समेत सभी महत्त्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा कड़ी कर दी है। कुल्लू डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी एक ईमेल के माध्यम से भेजी गई है, जिसमें प्रशासनिक भवन को निशाना बनाने की बात कही गई है। जिला प्रशासन ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस विभाग और खुफिया एजेंसियों को दी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को तैनात किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ईमेल की जांच के लिए साइबर सैल की मदद ली जा रही है। इससे पहले शिमला सचिवालय में मुख्य सचिव कार्यालय, मंडी डीसी ऑफिस को उड़ाने की ईमेल मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर हुसैन राणा के नाम से भेजी गई थीं। पुलिस की टीमें हर पहलू की जांच कर रही हैं।