Bilaspur. बिलासपुर। केंद्र सरकार ने सदर क्षेत्र के लिए 160 करोड़ की छह सडक़ों की स्वीकृति प्रदान की है। यह सडक़ें डबललेन होंगी। जहां पर पुल बनाने की संभावना होगी, वहां पर पुल भी बनाए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडगरी के सहयोग से केंद्र सरकार को यह सडक़ें मिल पाई हैं। वहीं, क्षेत्र के लिए केंद्र सरकार द्वारा अभी तक सडक़ों, पुलों के विकास कार्यों के लिए करीब 350 की राशि स्वीकृत की है। जिसका लाभ आगामी भविष्य में क्षेत्र की जनता को मिलेगा। यह बात शनिवार को सर्किट हाऊस बिलासपुर में सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने कही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। लेकिन प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा अनदेखी की जा रही है। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जिला के तहत भजवाणी पुल के लिए 104 करोड़ की राशि स्वीकृत की है, लेकिन अभी तक प्रदेश सरकार इस पुल का टैंडर भी नहीं करवा पाई है। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा ऐतिहासिक मंदिरों के लिए 1400 करोड़ स्वीकृत किए। बाकायदा पांच करोड़ की राशि सर्वे, डीपीआर के लिए स्वीकृत की थी। सर्वे भी हुआ था। लेकिन इसके बावजूद भी जिला के बड़े प्रोजेक्ट अधर में ही लटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन के अलावा रेलवे प्रोजेक्ट का तोहफा जनता को दिया है। विधायक ने स्वीकृत छह सडक़ों को लेकर कहा कि नवगांव-बैरी-दाड़लामोड़ की 37 किलोमीटर सडक़ के लिए 80 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।
पलैणीघाट-बल्हीबिल्ला सात किलोमीटर सडक़ के लिए 18 करोड़ राशि स्वीकृत हुई है। इसमें 65 मीटर का एक पुल भी बनेगा। जबल्याणा-कुहघाट 10 किलोमीटर सडक़ के लिए 16 करोड़ और 35 मीटर का पुल, कुहघाट से त्रिफालाघाट 12 किलोमीटर सडक़े लिए सात करोड़, अमरसिंहपुरा-ग्वालमुठाणी 13 किलोमीटर सडक़ के लिए 16 करोड़ और 25 मीटर पुल, बिलासपुर-बंदला-सीहड़ा-विनायकघाट 27 किलोमीटर सडक़ के लिए 23 करोड़ की राशि स्वीकृत हुई हैं। इसके अलावा नाबार्ड की स्वीकृति के लिए पांच किलोमीटर सोलग सड़ के लिए 11 करोड़ और दयोली से आमकासुआ सडक़ की डीपीआर तैयार कर स्वीकृति को भेजी है। केंद्र सरकार की ओर से सिकरोहा-सोहड़ की 17 किलोमीटर सडक़ के लिए साढ़े 16 करोड़ की राशि स्वीकृति की है। इस सडक़ का करीब 50 फीसदी कार्य भी पूरा हो चुका है। दली-मियां बंदला सडक़ पांच किलोमीटर है। 10 किलोमीटर लंबी धारटटोह-द्रोबड़ सडक़ के लिए 8.81 करोड़ राशि स्वीकृत है और इस सडक़ के लिए टैंडर प्रक्रिया जारी है। इन चार सडक़ों के लिए करीब 30 करोड़ केंद्र द्वारा स्वीकृत किए गए हैं। इस दौरान प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष हंसराज ठाकुर, जिप सदस्य बेलीराम टैगोर, नप बिलासपुर अध्यक्ष कमल गौतम, पंचायत प्रधान दिनेश कुमार, विक्रम, संजीव डोगरा, रविकांत, सुनील, रविंद्र, जिला सचिव पवन, दिलाराम, बिक्कू, रामलाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।