मेरठ। योगी सरकार में अपराधियों पर पुलिस का खौफ सिर चढ़कर बोल रहा है। सोमवार को मेरठ के परीक्षितगढ़ थाने में एक बदमाश गले में तख्ती लटका कर आत्मसमर्पण करने पहुंच गया। उसने पुलिस से माफी मांगते हुए भविष्य में कोई गलती नहीं करने की बात कही। परीक्षितगढ़ थाने में सोमवार को पुलिसकर्मी आश्चर्य में पड़ गए, जब एक युवक गले में तख्ती लटकाए पहुंचा। थाने में पहुंचते ही उसने थाना प्रभारी से अपने अपराधों के लिए माफी मांगी और आत्मसमर्पण कर दिया। युवक की पहचान सौरभ गिरि नामक बदमाश के रूप में हुई। बदमाश ने कहा कि वह पुलिस के डर के कारण आत्मसमर्पण करने आया है, आगे से उससे कोई गलती नहीं होगी। एसपी देहात अनिरु्दध सिंह ने कहा कि सौरभ गिरी पर चार मुकदमे दर्ज थे और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसने खुद ही थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।