अभिजीत दीपके को थप्पड़ जड़ने वाले ने कहा- राष्ट्रहित के लिए मारा थप्पड़
देखें VIDEO...
Jaipur. जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में चल रहे एक प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को एक युवक द्वारा थप्पड़ मारने की घटना सामने आई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार यह घटना जयपुर के शहीद स्मारक पर उस समय हुई जब कॉकरोच जनता पार्टी नीट प्रश्नपत्र लीक मामले, बेरोजगारी, शिक्षा क्षेत्र में कथित अनियमितताओं और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही थी। प्रदर्शन में पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका सहित कई नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल थे।
प्रदर्शन के दौरान अचानक एक युवक मौके पर पहुंचा और अभिजीत दीपके को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस ने तुरंत स्थिति को नियंत्रित कर लिया और युवक को पकड़कर थाने ले गई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने मौके पर अभिजीत दीपके और उनकी पार्टी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। उसने कॉकरोच जनता पार्टी को लेकर कहा कि यह लोग देश के लोगों को गुमराह कर रहे हैं। युवक ने मीडिया से बातचीत में खुद को जयपुर का निवासी और राष्ट्रवादी बताया, हालांकि उसने यह भी कहा कि उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगा, जिसमें थप्पड़ मारने की घटना साफ दिखाई दे रही है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों में भी इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। उधर कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से यह प्रदर्शन पहले से ही घोषित था। पार्टी के कार्यक्रम संयोजक दीपक बलियान ने बताया था कि यह आंदोलन छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है। इसमें बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताएं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य जनहित समस्याओं को उठाया जा रहा है।
पार्टी की ओर से पहले ही अपील की गई थी कि अधिक से अधिक लोग इस लोकतांत्रिक आंदोलन में शामिल हों और अपने अधिकारों की आवाज उठाएं। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, जिसके दौरान यह अप्रत्याशित घटना हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और आरोपी युवक से पूछताछ जारी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि घटना के पीछे कोई संगठित कारण तो नहीं है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जाएगी। इस घटना के बाद जयपुर में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सुरक्षा व्यवस्था और सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।