महाराष्ट्र में गहराया टाक्टे का प्रकोप, मंडराया रहा है दूसरी बड़ी तबाही का खतरा

अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान 'टाक्टे' विकराल रूप लेता जा रहा है।

Update: 2021-05-17 08:12 GMT

अरब सागर से उठा चक्रवाती तूफान 'टाक्टे' विकराल रूप लेता जा रहा है। केरल, कर्नाटक और गोवा में तबाही मचाने के बाद अब इसका असर महाराष्ट्र में भी दिखने लगा है। हवाओं की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटे से अधिक है इसलिए इसे अति गंभीर श्रेणी में रखा गया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। महाराष्ट्र पर तूफान का संकट गहराता जा रहा है इससे राज्य को कोरोना के बाद दूसरी बड़ी तबाही का सामना करना पड़ सकता है।

तीन घंटे के लिए मुंबई एयरपोर्ट बंद
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान रायगढ़, पालघर, मुंबई, ठाणे और रत्नागिरी जिलों के अलग-अलग इलाकों में 90-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इसके मद्देनजर तीन घंटों के लिए मुंबई एयरपोर्ट बंद कर दिया गया है। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सेवाएं बंद रहेंगी। वहीं, कई फ्लाइट्स को डायवर्ट कर दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के तटीय जिलों में अधिकारियों को तूफान को लेकर मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा है।
गुजरात की तरफ आगे बढ़ रहा चक्रवाती तूफान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तूफान से निपटने के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा को लेकर शीर्ष सरकारी अधिकारियों और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने नियंत्रण कक्षों को चौबीसों घंटे काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने समय रहते बचाव व राहत अभियान में स्थानीय लोगों को शामिल करने के बारे में भी बात की।
इस बीच गृहमंत्री अमित शाह ने कर्नाटक से लेकर गुजरात तक चक्रवात के कहर को लेकर खुद आपदा नियंत्रण की कमान संभाली है। शाह ने कल महाराष्ट्र, गुजरात समेत कई प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा ली थी।


Tags:    

Similar News

-->