Nalagarh. नालागढ़। नगर परिषद नालागढ़ द्वारा हाल ही में जनता को समर्पित की गई नव निर्मित सडक़ प्री-मानसून की पहली ही बारिश में दम तोड़ गई। नालागढ़ अस्पताल मार्ग पर बनी यह टाइल और कंकरीट युक्त सडक़ कुछ ही दिनों पहले तैयार की गई थी, लेकिन बरसात की मार नहीं झेल पाई। सडक़ की परतें उखड़ गई हैं, जिससे क्षेत्र के दुकानदारों और आमजन में रोष है। नालागढ़ बाजार में अस्पताल मार्ग पर बनी इस सडक़ के मध्य भाग में नाला होने के चलते उस पर कंकरीट डाली गई थी, जबकि दोनों साइडों पर टाइलें लगाई गई थीं। यह कार्य करीब छह लाख रुपये की लागत से किया गया था। विशेष बात यह है कि ठेकेदार द्वारा इस मार्ग पर कंकरीट का कार्य दो बार किया गया है।
पहले कार्य की गुणवत्ता पर स्थानीय दुकानदारों ने नाराजगी जताई थी और उड़ती धूल-मिट्टी की शिकायत नगर परिषद से की थी, जिसके बाद परिषद ने ठेकेदार से दोबारा कार्य करवाया। हालांकि दोबारा किए गए कार्य के बावजूद सडक़ की हालत ठीक नहीं हो सकी और पहली बारिश में ही वह उखड़ गई। हालात यह है की नालागढ़ अस्पताल मार्ग की वह नव-निर्मित सडक़ के बीचोंबीच कंकरीट दरक चुकी है, किनारे की टाइलें उखड़ी पड़ी हैं और एक जगह पर तो पूरी टाइलें धंसकर गड्ढे का रूप ले चुकी हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सडक़ की हालत देखकर यह साफ है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया है। एक दुकानदार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा की दो बार काम हुआ और फिर भी ऐसा हालत। नगर परिषद नालागढ़ का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी और निर्माण कार्य की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।